LAC पर बाधा के बीच 13 घंटे चली भारत और चीन की सैन्य वार्ता, जानें क्या बात हुई

img

भारत और चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर जारी गतिरोध के बीच पूर्वी लद्दाख के चुशुल में कोर कमांडर स्तर की 15वीं वार्ता करीबन 13 घंटे तक चली।

INDIA VS CHINA

बीती रात्रि 11 बजे दोनों देशों के सैन्य कोर कमांडरों की वार्ता समाप्त हुई। भारतीय सेना के सूत्रों ने बताया कि भारतीय पक्ष ने अप्रैल-मई 2020 में शुरू हुए सैन्य गतिरोध को दूर करने के लिए क्षेत्र में शेष घर्षण बिंदुओं के समाधान पर जोर दिया है। नवीनतम दौर की वार्ता पूर्वी लद्दाख के चुशुल में हुई है।

सूत्रों के मुताबिक सैन्य कोर कमांडर स्तर की वार्ता पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के भारतीय हिस्से में चुशुल-मोल्दो ‘बार्डर प्वाइंट’ पर सुबह 10 बजे शुरू हुई थी। यह पता चला है कि भारतीय पक्ष ने ‘देपसांग बल्ज’ और डेमचोक में मुद्दों को हल करने समेत टकराव वाले शेष स्थानों पर जल्द से जल्द सेना को हटाने पर जोर दिया है।

ज्ञात हो कि चीन गतिरोध को हल करने के लिए पूर्वी लद्दाख क्षेत्र में ‘वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC)’ पर बातचीत कर रहे हैं। अब तक हुई बातचीत के परिणामस्वरूप पैंगोंग त्सो, गालवान और गोगरा हाट स्प्रिंग क्षेत्रों के उत्तर और दक्षिण बैंक का समाधान हुआ है।

गौरतलब है जून 2020 में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई खूनी झड़प के बाद से LAC पर तनाव बना हुआ है। तब से लेकर अब तक भारत और चीन के बीच पूर्वी लद्दाख से सटी लाइन आफ एक्चुअल कंट्रोल पर विवाद चल रहा है। विवाद को सुलझाने के लिए दोनों देशों के बीच 14 दौर की वार्ता हो चुकी है। दोनों देशों के वार्ता के बीच भारत ने LAC पर अपनी सेना को पहले से कहीं ज्यादा चौकन्ना कर दिया है।

Related News