सर्वे हुआ पूरा, झारखंड की राजधानी रांची के इन इलाको में चलेगा बुलडोजर
झारखंड की राजधानी रांची को जाम से मुक्ति दिलाने और सड़कों को सुरक्षित बनाने के लिए रांची नगर निगम (RMC) अब तक की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई करने की तैयारी में है। सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात के रास्ते में रोड़ा बनने वाले अतिक्रमणकारियों के खिलाफ निगम प्रशासन ने पूरी तरह से बिगुल फूंक दिया है। प्रोजेक्ट भवन (धुर्वा) से लेकर शहर के प्रमुख चौराहों तक सड़क के दोनों किनारों की वैज्ञानिक तरीके से मापी का काम पूरा कर लिया गया है। इस महा-सर्वे के जरिए सड़क और सरकारी भूमि पर किए गए अवैध और व्यवस्थित अतिक्रमण की सटीक पहचान कर ली गई है। अब इस फाइनल सर्वे रिपोर्ट के आधार पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू होने जा रहा है, जिससे शहर की सूरत पूरी तरह बदल जाएगी।
प्रोजेक्ट भवन से रातू रोड तक चला सर्वे, तीन विशेष टीमें संभालेंगी कमान
नगर निगम की टीम से मिली जानकारी के अनुसार, जस्टिस एल.पी.एन. शाहदेव चौक, रातू रोड चौक और हरमू बाइपास रोड होते हुए प्रोजेक्ट भवन तक पूरे रूट का सघन सर्वे किया गया है। इस बड़े अभियान को धरातल पर उतारने और इसकी लगातार मॉनिटरिंग के लिए गुरुवार को नगर निगम कार्यालय में नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। अभियान को पारदर्शी और असरदार बनाने के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया जा रहा है। इस पूरी कार्रवाई की कमान दो सहायक नगर आयुक्त (ASMC) और एक उप नगर आयुक्त (DMSA) के हाथों में सौंपी गई है, जो सीधे ग्राउंड पर रहकर पूरी मुस्तैदी से काम करेंगे।
मॉडल कॉरिडोर के रूप में विकसित होगा मार्ग, राहगीरों को मिलेगी सुरक्षित सड़क
समीक्षा बैठक के दौरान नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल जबरन दुकानों या ढांचों को हटाना नहीं है, बल्कि पूरे मार्ग का वैज्ञानिक और सुव्यवस्थित प्रबंधन करना है। निगम की योजना इस पूरे वीआईपी और व्यस्त मार्ग को 'मॉडल अतिक्रमण मुक्त मार्ग' के रूप में तब्दील करने की है।