ससुराल से बच्चे को लाने गई थी महिला, सुबह पड़ोसी के साथ इस हाल में मिली लाश; इलाके में पसरा सन्नाटा
झारखंड के खूंटी जिले में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया। सदर थाना क्षेत्र के घाघरा गांव में तजना नदी पुल के नीचे एक महिला और युवक के शव मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। मृतकों की पहचान लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के बड़गांई गांव निवासी नेहा कुमारी (25) और अरुण कुमार राणा (21) के रूप में हुई है।
दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और पड़ोसी बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
बहन की शादी में शामिल होने मायके आई थी नेहा
परिजनों के मुताबिक, नेहा कुमारी की शादी गुमला जिले के करंज थाना क्षेत्र के डुड़िया गांव निवासी कुंदन प्रमाणिक से हुई थी। वह अपनी छोटी बहन की शादी में शामिल होने के लिए कुछ दिनों से मायके आई हुई थी।
बताया गया कि गुरुवार को वह अपने पांच वर्षीय बेटे को ससुराल से लाने के लिए पड़ोसी अरुण कुमार राणा के साथ बाइक से गई थी। इसी दौरान बेटे को साथ ले जाने को लेकर नेहा और उसके पति के बीच विवाद होने की बात सामने आई है।
परिजनों ने लगाया अपहरण और हत्या का आरोप
नेहा के परिवार वालों का आरोप है कि विवाद के बाद नेहा और अरुण मदद के लिए करंज थाना पहुंचे थे। परिजनों का कहना है कि वहां उनकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई नहीं की गई।
उनका आरोप है कि ससुराल से लौटते समय कुंदन प्रमाणिक अपने कुछ साथियों के साथ दोनों का पीछा कर रहा था। परिवार के अनुसार, आरोपितों ने उनकी बाइक को टक्कर मारकर गिराया और फिर दोनों को जबरन एक स्कॉर्पियो वाहन में बैठाकर ले गए।
शुक्रवार सुबह दोनों के शव खूंटी के घाघरा गांव स्थित तजना नदी पुल के नीचे मिले।
घटनास्थल से मिले सबूतों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस को घटनास्थल पर पुल के ऊपर खून के निशान मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि वारदात पुल या उसके आसपास हुई होगी। इसके बाद शवों को नीचे फेंके जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है।