भव्य स्वागत के साथ देहरादून रवाना हुए जेपी नड्डा, पांच बैठकें कर करेंगे ये काम

img
ऋषिकेश। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का शनिवार सुबह हरिद्वार से देहरादून जाते समय यहां जोरदार स्वागत किया गया। स्वागत कार्यक्रम की ऋषिकेश विधानसभा संयोजक महापौर अनीता ममगांई के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मानव शृंखला बनाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्‌डा का गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया। उनपर जबरदस्त पुष्प वर्षा भी की गई।
JP Nadda 1
नड्‌डा का काफिला सुबह 10 बजे सड़क मार्ग से देहरादून रवाना हुआ। नेपाली फार्म में कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर उनका जोरदार स्वागत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेपाली फार्म तिराहे पर पहुंचते ही समूचा क्षेत्र भाजपा जिदांबाद और जयश्री राम के नारों से गूंज उठा। बेहद कड़ी सुरक्षा के बीच महापौर ममगांई ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका अभिनंदन किया। महापौर ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन से कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ गया है।कार्यकर्ता मिशन 2022 में प्रचंड बहुमत के लिए कमर कस चुके हैं।  राष्ट्रीय अध्यक्ष का उत्तराखंड दौरा मील का पत्थर साबित होगा।

प्रदेश पदाधिकारियों से होगी बैठक की शुरुआत

पहले दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष की पांच महत्वपूर्ण बैठकें होंगी। बीजापुर सेफ हाउस में नड्डा प्रदेश पदाधिकारियों, विधायकों, सांसदों व जिलाध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में राजनीतिक चर्चा, विचारधारा, राजनीतिक दशा एवं दिशा व बूथ पर छह कार्यक्रमों की समीक्षा होगी। इस बैठक के प्रभारी कुलदीप कुमार व बलजीत सोनी होंगे।

दूसरी बैठक : दूसरी बैठक में नड्डा दायित्वधारियों, जिला पंचायत अध्यक्षों, नगर निगमों के मेयर, सहकारी बैंकों के अध्यक्षों से रूबरू होंगे। यह बैठक भी बीजापुर सेफ हाउस में होगी। इस बैठक के प्रभारी अनिल गोयल हैं।

तीसरी बैठक : आंबेडकर नगर मंडल की होगी। मंडल अध्यक्ष बैठक की अध्यक्षता करेंगे और राष्ट्रीय अध्यक्ष अतिथि होंगे। यह बैठक हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज में होगी। बैठक के प्रभारी विनय गोयल होंगे।

चौथी बैठक : इस बैठक में नड्डा प्रबुद्ध नागरिकों से संवाद करेंगे। यह सार्वजनिक कार्यक्रम है। इसमें सामाजिक, धार्मिक व वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक सर्वे चौक आईआरडीटी सभागार में होगी। विनय गोयल और सुनील उनियाल गामा बैठक के प्रभारी हैं।

पांचवीं बैठक : राष्ट्रीय अध्यक्ष की इस बैठक में प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, मुख्यमंत्री व प्रदेश महामंत्री संगठन शामिल होंगे। नड्डा सभी पदाधिकारियों से अलग अलग बैठक करेंगे। प्रदेश संगठन महामंत्री इस बैठक के प्रभारी होंगे।

छह को संघ कार्यालय जाएंगे नड्डा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा छह दिसंबर को तिलक रोड स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांतीय कार्यालय जाएंगे। यहां वह संघ परिवार के सदस्यों के साथ जलपान करेंगे। इसके बाद वह कार्यालय एवं विभागों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद वह बूथ समिति की बैठक में हिस्सा लेंगे।

बूथ अध्यक्ष से ऊपर प्रदेश पदाधिकारियों से संवाद करेंगे। सोशल मीडिया वालंटियर से भी रूबरू होंगे। सात दिसंबर को वह वित्तीय स्थिति पर बैठक करेंगे। इसके बाद उनकी मंत्रिमंडल के साथ बैठक होगी और फिर कोर कमेटी के साथ बैठेंगे।

Related News