बमुश्किल चार महीने पहले त्रिवेंद्र सिंह रावत की जगह लेने वाले उत्तराखंड के सीएम तीरथ सिंह रावत ने शुक्रवार देर रात इस्तीफा दे दिया। लेकिन इस आश्चर्यजनक कदम की वजह क्या है? सूत्रों की माने तो BJP द्वारा किए गए आंतरिक सर्वेक्षण आगामी चुनावों के लिए “उत्साहजनक” नहीं थे। तीरथ के इस्तीफे के बाद अब सवाल ये उठ रहा है कि आखिर देवभूमि का अगला सीएम कौन होगा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को शनिवार को ऑब्जर्वर के तौर पर देहरादून जाने को कहा है। पार्टी आलाकमान ने पार्टी के विधायकों की दोपहर 3 बजे देहरादून स्थित भाजपा मुख्यालय में बैठक भी बुलाई है। ये सियासी ड्रामा केंद्रीय नेतृत्व के लिए भी शर्मिंदगी का विषय है, जो राज्य में नेतृत्व के मामलों को ठीक करने की पूरी कोशिश कर रहा है।
मुख्यमंत्री पद के लिए कुछ नामों का दौर चल रहा है। इनमें राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत, सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज और वन मंत्री हरक सिंह रावत शामिल हैं। पिछली बार जब त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इस्तीफा दिया था तब भी धन सिंह रावत शीर्ष दावेदारों में शामिल थे।