महाराष्ट्र हादसा : बारिश से दो दिन में 136 लोगों की मौत, पीएम ने जताया दुःख

img

मुंबई। महाराष्ट्र में मौत बन कर आयी भीषण बारिश ने अब तक सैकड़ों लोगों को अपनी आगोश में ले लिया है। महाराष्ट्र के तटीय जिले रायगढ़ के तलाई गांव के निकट भूस्खलन के चलते अब तक 49 लोगों की जान जा चुकी है। बाताया जा रहा है कि भूस्खलन के इस हादसे में अब भी 47 लोग लापता हैं। वहीं 12 घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फ़िलहाल मलबे में फंसे लोगों की जिंदगी को बचाने के लिए राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। माना जा रहा है कि मौत के आंकड़े अभी और बढ़ेंगे। वहीं, पूरे महाराष्ट्र की बात करें तो इस बार बारिश की वजह से दो दिनों में अब तक 136 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।

munbai barish

मुंबई पुलिस के अनुसार यह हादसा महाड तहसील के तलाई गांव में गुरुवार शाम को हुआ। इस हादसे में मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है। अधिकारियों की मानें तो भूस्खलन वाले स्थानों से अब तक 49 शव बरामद किए जा चुके हैं। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), स्थानीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे आज दोपहर 12 बजे तलाई गांव का दौरा करेंगे और वहां हालात की समीक्षा करेंगे। हादसे के बारे में जानकरी देते हुए जिलाधिकारी ने कहा, ‘बाढ़ और कीचड़ के कारण घटनास्थल की ओर जाने वाले रास्ते बंद हो गए थे इसलिए बचाव दल को घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ा।  उन्होंने बतायाकि शुक्रवार सुबह राहत एवं बचाव अभियान दोबारा शुरू किया गए और अपराह्न तक शव बरामद किए गए। अधिकारियों ने बताया कि गांव में लगभग 30 घर इस हादसे की वजह से पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

हादसे ने डरे ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें सरकार की तरफ से कोई अलर्ट नहीं मिला था। गांव के ही एक शख्स ने बताया कि ग्रामीणों को अलर्ट नहीं किया गया था। हमारे आदिवासी बस्ती में 120 से अधिक आबादी वाले 45 घर हैं। भूस्खलन में पहाड़ी से बोल्डर 100 फीट की ऊंचाई से गिरे। उसने अनुमान जताया कि मलबे के नीचे 90 ग्रामीण फंसे हो सकते हैं। इस बीच, महाराष्ट्र सरकार ने भूस्खलन में मरने वाले लोगों के परिजन को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की शुक्रवार को घोषणा की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने बारिश से जुड़ी घटनाओं में लोगों की मौत होने पर दुख जताया है। पीएम ट्वीट किया, ‘महाराष्ट्र के रायगढ़ में भूस्खलन से हुई जनहानि से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। भारी बारिश के चलते महाराष्ट्र में उपजी स्थिति की करीबी निगरानी की जा रही है और प्रभावितों को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।’

Related News