मेरठ के सांसद ने उठाई ये मांग, हस्तिनापुर को इस सर्किट में शामिल करने का किया अनुरोध

img

मेरठ, 12 अगस्त । मेरठ के ऐतिहासिक महत्व को दुनिया के सामने लाने के लिए मेरठ के सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने बड़ी पहल की है। सांसद ने दिल्ली में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री प्रह्लाद पटेल से मुलाकात की और मेरठ को पुरातात्विक विभाग का स्वतंत्र सर्किल बनाने और हस्तिनापुर को कृष्ण सर्किट में शामिल करने का अनुरोध किया।

भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने बुधवार को केंद्रीय पर्यटन व संस्कृति मंत्री प्रह्लाद पटेल से मिलकर मेरठ को दुनिया के पर्यटन नक्शे पर लाने की मांग की। सांसद ने कहा कि मेरठ उत्तर प्रदेश का महत्वपूर्ण नगर है। सांस्कृतिक, ऐतिहासिक, सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से पश्चिमी उत्तर प्रदेश का मुख्यालय है। ऐतिहासिक दृष्टि से मेरठ रामायण काल का नगर है और इसे दशानन रावण की पत्नी मंदोदरी के पिता मय दानव द्वारा बसाया गया माना जाता है।

महाभारतकालीन कुरु वंश की राजधानी हस्तिनापुर मेरठ जनपद में स्थित है। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम का उद्गम स्थल भी मेरठ में ही है। मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में ऐतिहासिक सभ्यताओं के अवशेष बिखरे पड़े हैं। बागपत जनपद के सिसौली गांव में खुदाई में चार हजार साल पुराना रथ प्राप्त हुआ। पुरातत्व की दृष्टि से मेरठ आगरा सर्किल में आता है। मेरठ के ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए यहां पर अलग सर्किल बनाया जाए और हस्तिनापुर को कृष्ण सर्किट में शामिल किया जाए।

Related News