img

Up Kiran, Digital Desk: अररिया और पूर्णिया को जोड़ने वाले मुख्य हाइवे पर रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। करयात कैंप के ठीक पास तेज रफ्तार हाइवा ने पीछे से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक पर पीछे बैठी महिला सड़क पर जा गिरी और हाइवा के नीचे आ गई। मौके पर ही उनकी जान चली गई।

मृतका कोई और नहीं बल्कि पलासी थाना क्षेत्र के भीखा पंचायत की भाजपा पंचायत अध्यक्ष संजय कुमार ठाकुर की पत्नी सरोज ठाकुर थीं। बाइक चला रहे उनके रिश्तेदार प्रिंस कुमार ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। प्रिंस ने बताया कि बाइक अचानक झटका खाकर धीमी हुई थी। पीछे से आता हाइवा रुक नहीं सका और सीधा टक्कर मार दी। सब कुछ पल भर में हो गया।

हादसा होते ही हाइवा चालक गाड़ी मौके पर छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला। अभी तक उसका कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है और ड्राइवर की तलाश तेज कर दी है। इधर सरोज ठाकुर के घर मातम पसरा हुआ है। उनके तीन बेटियां और एक बेटा है। अचानक आई इस मुसीबत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है।

खबर फैलते ही गांव में सन्नाटा छा गया। लोग इकट्ठा होकर गुस्सा जता रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस रोड पर आए दिन बड़े वाहन बेतहाशा रफ्तार से दौड़ते हैं। आए दिन कोई न कोई हादसा होता रहता है मगर प्रशासन ध्यान नहीं देता। लोगों ने मांग की है कि फरार ड्राइवर को जल्द पकड़ा जाए। सख्त सजा मिले और मृतका के परिवार को सरकार तुरंत मुआवजा दे।