उत्तर प्रदेश ।। लोकसभा इलेक्शन 2019 में करारी हार मिलने के बाद विपक्षी पार्टियों में बवाल मचा हुआ है। कांग्रेस में इस्तीफों की झड़ी लग गई है तो वहीं देश के सबसे बड़े सूबे यूपी में सिर्फ 5 सीटों पर सिमटने वाली सपा भी अब एक्शन लेने को तैयार है।
सोमवार को सपा ने चुनाव हार पर मंथन किया। जिसमें सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने पार्टी पदाधिकारियों को लापरवाही, जनता की नब्ज पकड़ने में असफल रहने के लिए खूब लताड़ लगाई। इस बैठक में सपा मुखिया अखिलेश यादव सहित पार्टी के कई बड़े नेता शामिल हुए।
बैठक में चर्चा जोरों पर रही कि प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम को हटाया जा सकता है। उनके स्थान पर ओम प्रकाश को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा भी रही, हालांकि अखिलेश ने इस मामले में कोई फैसला नहीं किया।
खबर के मुताबिक, हार से खफा अखिलेश यादव पार्टी के यूथ विंग में कुछ नेताओं की छुट्टी कर सकते हैं। जल्द ही नए प्रभारियों, संगठन अफसरों को नियुक्त किया जा सकता है। अखिलेश ने हाल ही में अपनी पार्टी के प्रवक्ताओं के पैनल को बर्खास्त कर दिया था और किसी भी टीवी डिबेट्स में हिस्सा लेने पर रोक लगा दी थी।