मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एक शादी समारोह के दौरान जयमाल के तुरंत बाद दुल्हन की हत्या कर दी गई। बताया जाता है कि दुल्हन जैसे ही स्टेज से उतरकर सहेलियों के साथ अपने कमरे में पहुंची तभी गांव के ही रहने वाले एक सिरफिरे युवक ने उसे गोली मार दी जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सिरफिरा सबकी आंखों के सामने से ही फरार हो गया।
मामला यूपी के मथुरा जिले के नौहझील थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव का है। यहां खूबीराम की बेटी काजल की गुरुवार को बारात आई थी। लड़की के घरवालों ने बारात का अच्छे से स्वागत किया। इसके बाद जयमाल की रस्म निभाई गई। जयमाल के बाद दुल्हन की सहेलियां और घर की महिलाएं दुल्हन को लेकर उसके कमरे में चली गईं। बताया जा रहा है कि इसी दौरान गांव का एक सिरफिरा युवक भी कमरे में पहुंच गया और दुल्हन को गोली मार दी।
गोली दुल्हन के चेहरे पर लगी जिससे मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। फायरिंग की आवाज सुनकर लोग भी भागकर कमरे में पहुंचे लेकिन तब तक मौका पाकर आरोपी युवक सबके सामने से ही छत से कूद कर फरार हो गया। दुल्हन के पिता खूबी राम ने पुलिस को फोन कर मामले की जानकारी दी।
इतनी बड़ी वारदात खबर मिलते ही पुलिस तुरंत अलर्ट हो गई। एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की पूरी जानकारी ली। अब पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापे मार रही है।