img

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने राज्य में रेड अलर्ट जारी किया था। पंडोह में नदी का पानी घरों और बाजारों में घुस गया है। जगह-जगह भूस्खलन के चलते मंडी से मनाली तक चंडीगढ़ मनाली हाईवे बंद कर दिया गया है। सोलन में कालका-शिमला ट्रैक पर रेल यातायात रोक दिया गया है। हिमाचल में 24 घंटे की बारिश से 3 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 3 नेशनल हाईवे बंद हैं। इसके साथ ही भूस्खलन के कारण 250 से ज्यादा सड़कें बंद हो गई हैं।

लाहौल-स्पीति के समदो काजा ग्राम्फू मार्ग पर बाढ़ के बाद ग्राम्फू और छोटा दर्रा के बीच दो ट्रेवलर्स में फंसे 30 कॉलेज छात्रों को रात भर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया। मंडी-पंडोह एनएच पर भूस्खलन के कारण रास्ता बंद हो गया। कुल्लू के अखाड़ा बाजार में नदी का जलस्तर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। इलाके में पानी जमा हो गया है, वहीं कुछ जगहों पर भूस्खलन से हालत काफी बुरी है।

सड़कें बंद, 3 की मौत

लाहौल के जुंडा नाला और तेलिंग नाला में बाढ़ आने से मनाली-लेह मार्ग बंद हो गया है। कुल्लू के राहनीनाला में भूस्खलन के कारण रोहतांग मार्ग भी बंद हो गया है। कालका-शिमला रेलवे लाइन पर ट्रेनें बंद हैं। शिमला के ढिंगू मंदिर को जोड़ने वाली सड़क में बड़ी दरार आ गई है। ऊना रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर रेलवे ट्रैक की इलेक्ट्रिक लाइन पर पेड़ गिरने से आग लग गई। चंबा के सरोथा नाले में चट्टान ढहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। डॉक्टरों ने व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। प्रशासन ने मृतक के घरवालों को दस हजार की तत्काल मदद दी है। श्रीखंड महादेव यात्रा के दौरान एक श्रद्धालु की मौत हो गई है जबकि दो अन्य लापता हैं। कुल्लू के लंका बेकर में एक मकान गिरने से एक महिला की मौत हो गई है।

बाढ़ में फंसे लोग, रेड अलर्ट जारी

कल से जारी बारिश ने अब मंडी जिले में तबाही मचा दी है। भारी भूस्खलन के कारण चंडीगढ़ मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य स्थानों को बंद कर दिया गया है। वहीं, वैकल्पिक रास्ते भी पूरी तरह बंद होने से लोग फंसे हुए हैं। पंडोह का आधा बाजार पानी में समा गया है। लोगों के घरों में पानी घुस गया है। बाढ़ के कारण 6 लोग अपने घर में फंस गए थे, जिन्हें स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बचाया। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 9 जुलाई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

--Advertisement--