अब इस क्षेत्र में चीन की गंदी नजर, पाकिस्तान के साथ मिलकर रच रहा ये साजिश

img

नई दिल्ली॥ एलओसी और एलएसी पर जमीनी सीमा विवाद के साथ-साथ अब हिंद महासागर क्षेत्र में चीन और पाकिस्तान के बीच बन रहा गठजोड़ भारत के लिए नए खतरे के रूप में उभर रहा है। पूर्वी लद्दाख की सीमा एलएसी से पीछे हटने की प्रक्रिया के बीच भारत को समुद्र में घेरने के लिए चीन धीरे-धीरे पाकिस्तान की समुद्री युद्ध शक्ति को मजबूत करने में लगा है।

हिंद महासागर में चीन और पाक की संदिग्ध गतिविधियों के मद्देनजर भारतीय नौसेना अलर्ट हो गई है। भारतीय नौसेना ने इस क्षेत्र में जलीय और वायु निगरानी को बढ़ा दिया है। सूत्रों के मुताबिक इस क्षेत्र में नजर रखने के लिए सेटेलाइट से मदद ली जा रही है।

वैसे तो भारत की समुद्री सेना अपनी क्षमताओं के मामले में चीन और पाकिस्तान दोनों को हिन्द महासागर क्षेत्र में पछाड़ सकती है लेकिन समुद्री डोमेन में चीन-पाकिस्तान की इस उभरती हुई नई चुनौती को माकूल जवाब देने के लिए तैयार रहने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।

भारतीय नौसेना के अफसर ने किया खुलासा

भारतीय नौसेना से जुड़े एक अधिकारी का कहना है कि चीन हिन्द महासागर क्षेत्र में भारत के मुकाबले पाकिस्तान की नौसेना को मजबूत करने के इरादे से काम कर रहा है। इसलिए जरूरत पड़ने पर भारतीय नौसेना को समुद्र में चीन और पाकिस्तान की बढ़त रोकने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करने की जरूरत है। ध्यान रहे कि पाकिस्तान ने मुंबई हमले के लिए नौकाओं से आतंकी भेजने के लिए समुद्र का ही इस्तेमाल किया था।

पाकिस्तान की समुद्री ताकत बढ़ाने के लिए अगले साल चीन आठ स्वतंत्र श्रेणी के डीजल-इलेक्ट्रिक पनडुब्बियों के साथ एयर-इंडिपेंडेंट प्रोपल्शन, चार टाइप-054 ए मल्टी-रोल स्टील्थ फ्रिगेट और अन्य नेवी प्लेटफॉर्म और हथियार दे रहा है। यह करीब 7 बिलियन डॉलर से अधिक का सौदा है। वर्तमान में पाकिस्तान के पास केवल नौ फ्रिगेट, पांच पनडुब्बियां, 10 मिसाइल बोट और तीन माइंस वेपर हैं।

4,000 नॉटिकल मील की रेंज की पनडुब्बी

पाकिस्तान को 2021-2022 में चीन से सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों से लैस लगभग 4,000 नॉटिकल मील की रेंज की पनडुब्बी और चार नए स्टील्थ फ्रिगेट मिलने वाले हैैं। इसी तरह 8 डीजल-इलेक्ट्रिक नौकाओं में से चार 2022-2023 तक पाकिस्तान पहुंच जाएंंगी और अन्य चार का निर्माण कराची में ही किये जाने की योजना है।

इसके मुकाबले 55 हजार नौसैनिकों से लैस विश्व की 5वी सबसे बड़ी भारतीय नौसेना के पास 140-युद्धपोत, 2 विमान वाहक, 8 लैंडिंग शिप टैंक, 29 गश्ती जहाज, 11 विध्वंसक, 14 फ्रिगेट, 24 कार्वेट के साथ-साथ 15 डीजल-इलेक्ट्रिक और दो परमाणु संचालित पनडुब्बियां हैं। हिन्द महासागर क्षेत्र में होने से भारत को बड़ा भौगोलिक लाभ मिलता है और वर्तमान में किसी भी चुनौती को लेने के लिए अच्छी तरह से तैयार है। पिछले कुछ वर्षों से लगातार आधुनिकीकरण के चलते भारतीय नौसेना विश्व की प्रमुख शक्ति बनने की दिशा में है।

Related News