रिहायशी इलाके में बने गोदाम में आग लगने से लोगों में दहशत, जानें कहां का है मामला

img
भोपाल, 13 सितम्बर यूपी किरण। शहर के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र स्थित आजाद मंडी में रविवार तड़के करीब 3 बजे एसी के एक गोदाम में आग लग गई। रिहायशी इलाके में बने इस गोदाम में आग के कारण जब सिलेंडर फटने लगे, तो दहशत फैल गई। घरों में धुआं भरने के कारण लोगों को सांस लेने में भी परेशानी हुई। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब 4 घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
                   
प्राप्त जानकारी के अनुसार,  नारियल खेड़ा निवासी अनीस खान का आजाद मंडी में एसी का गोदाम है। इसमें एसी रिपेयरिंग से लेकर अन्य सभी कार्य किए जाते हैं। गोदाम में एसी में उपयोग की जाने वाली गैस के कई सिलेंडर भी रखे थे। रात को सामान्य दिनों की तरह काम खत्म कर अनीस अपने घर चले गए थे। रविवार तड़के लोगों ने गोदाम से धुआं निकलते देखकर फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पुल बोगदा समेत दो फायर स्टेशन से गाड़ियां भेजी गईं। सुबह करीब 7 बजे 5 दमकलों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि गोदाम में घुसने के लिए कोई दूसरा रास्ता नहीं होने के कारण आग बुझाने में परेशानी आई। इससे गोदाम में रखा पूरा माल जलकर राख हो गया। अनीस खान का कहना है कि आकलन करने के बाद ही नुकसान के बारे में बता पाएंगे। गोदाम के आसपास रहवासी इलाका बताया जाता है। गोदाम में गैस के सिलेंडर भी रखे हुए थे, जो आग के कारण फट गए। धमाके भी हुए। हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा टल गया।
Related News