पीएम मोदी ने कहा- भारत अन्य देशों की मदद में अपना हित॰॰॰

img

नई दिल्ली॥ PM नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि भारत सबकी भलाई चाहता है और इसी मकसद से वह अन्य देशों की सहायता करता है। भारत अन्य देशों को विकास करने में सहयोग देते समय कोई शर्त नहीं रखता। वहीं इतिहास हमें सिखाता है कि कैसे एक देश दूसरे देश की सहायता कर उसे अपने ऊपर निर्भर करता है और इस प्रकार दूसरे देशों पर शासन करता है।

Modi

PM नरेन्द्र मोदी और मॉरीशस के PM प्रवीण जुगनाथ ने गुरुवार को मॉरीशस के नए सुप्रीम कोर्ट भवन का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। उद्घाटन मॉरीशस के न्यायपालिका के वरिष्ठ सदस्यों और दोनों देशों के अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में वीडियो-कॉन्फ्रेंस के माध्यम से किया गया। भवन का निर्माण भारतीय सहायता से किया गया है। यह पोर्ट लुइस की राजधानी के भीतर प्रथम भारतीय सहायता से बनी बुनियादी ढांचा परियोजना है।

PM नरेन्द्र मोदी ने इस अवसर पर कहा कि महात्मा गांधी कहा करते थे कि उनकी राष्ट्रभक्ति में सारी मानव जाति के भले की कामना समाई हुई है। भारत की सेवा करने का उनका अर्थ असल में मानवता की सेवा करना है। भारत भी उन्हीं की सोच के अनुरुप खुद का विकास करने के साथ अन्य देशों को विकास में सहयोग देना चाहता है। भारत दूसरे देशों की सहायता करते समय अपने राजनीतिक और आर्थिक लाभ नहीं देखता।

अफगानिस्तान की भी मदद की

मोदी ने अपनी बात को स्पष्ट करते हुए नेपाल, अफगानिस्तान, गुआना, श्रीलंका और मालदीव में भारत की ओर से किए जा रहे सहायता कार्यों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि भारत नेपाल और श्रीलंका में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की दिशा में काम कर रहा है। अफगानिस्तान में संसद भवन तैयार कराने में भारत ने योगदान दिया। मालदीव में स्वच्छ और शुद्ध जल मुहैया कराने में भारत मदद कर रहा है। क्रिकेट के माध्यम से खेलों को बढ़ावा देने के लिए भारत गुआना और अफगानिस्तान में स्टेडियम तैयार करने और प्रशिक्षण देने का काम कर रहा है।

पर्यावरण के खिलाफ नहीं होना चाहिए

PM ने कहा कि मानव की आकांक्षाओं और जरूरतों को पूरा करने का विकास का मार्ग पर्यावरण के खिलाफ नहीं होना चाहिए। इसी क्रम में भारत ने अंतरराष्ट्रीय सोलर एलायंस की शुरुआत की। साथ ही आपदा से निपटने के लिए मजबूत ढांचागत परियोजनाओं को विकसित करने में भारत अन्य देशों की सहायता कर रहा है।

मॉरीशस का जिक्र करते हुए PM ने कहा कि यह देश भारत के हिन्द महासागर क्षेत्र से जुड़ी सोच के केन्द्र में है। साथ ही विकास से जुड़े सहयोग में भी मॉरीशस भारत की सोच के केन्द्र में ही है। भारत और मॉरीशस का पारिवारिक और सांस्कृतिक संबंध है। भारत मॉरीशस मैत्री लम्बे समय तक कायम रहे, ऐसी वह कामना करते हैं।

 

Related News