Political Competition : प्रियंका गांधी की प्रदेश में सक्रियता पर क्या बोले अखिलेश यादव

img

लखनऊ : सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि यह भाजपा की योजना का हिस्सा है कि वह कांग्रेस को लड़ाई में दिखाए। हमारा किसी से कंपटीशन नहीं है। प्रदेश में होने वाली हर घटना में समाजवादी लोग मदद कर रहे हैं। यह बातें अखिलेश यादव ने कांग्रेस की यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी की प्रदेश में सक्रियता के सवाल पर कही। दरअसल, ये कहा जा रहा है कि भाजपा यूपी चुनाव मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने के लिए कांग्रेस को फुटेज दे रही है जिससे कि सपा व भाजपा की सीधी लड़ाई न हो। अखिलेश यादव ने भी इस ओर इशारा किया।

Akhilesh Yadav

पत्रकारों से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि लखीमपुर खीरी में जीप के पहिए के नीचे कानून को कुचला गया है। किसानों की हत्या की गई है। इसके बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे। उन्हें समन नहीं गुलदस्ता भेंट किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी घटना होते ही मौके पर पहुंच गए थे और राहत देने का कार्य किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वह खुद पीड़ितों के लगातार संपर्क में थे। सुबह लखीमपुर जाने की तैयारी थी लेकिन भाजपा सरकार ने पुलिस के जरिए रोक लिया था ।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि 12 अक्तूबर से विजय यात्रा शुरू हो रही है। जब भी समाजवादी रथ निकला है पार्टी को सत्ता मिली है। इस बार पीड़ित जनता समाजवादी पार्टी के साथ है। बिजली की समस्या पर उन्होंने कहा कि भाजपा ने एक भी पावर प्लांट नहीं लगाया है बल्कि समाजवादी सरकार द्वारा लगाए गए प्लांट को बंद करने का काम किया है।

Related News