हेमंत सोरेन के इस ट्वीट से मचा सियासी बवाल, BJP नेताओं ने कहा- दुनिया में हो रही थू-थू॰॰॰

img

रांची॥ एक तरफ जहां वायरस कहर बरपा रहा है वहीं, दूसरी ओर राजनीतिक घमासान भी थम नहीं रहा है। दरअसल, पीएम नरेन्द्र मोदी ने छह मई को कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों को कॉल किया और महामारी को लेकर चर्चा की। इस पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस चर्चा को लेकर एक ट्वीट कर दिया, जिस पर अब बवाल मच गया है।

Hemant Soren

हेमंत सोरेन ने ट्वीट किया था कि ‘आज आदरणीय पीएम ने फोन किया। उन्होंने सिर्फ अपने मन की बात की। बेहतर होता यदि वो काम की बात करते और काम की बात सुनते’। सोरेन के इस ट्वीट पर अब BJP के नेता और समर्थक उनके खिलाफ बयानों के तीर बरसा रहे हैं।

BJP सांसद निशिकांत दुबे ने सीएम हेमंत सोरेन के इस ट्वीट के जवाब में ट्वीटर पर लिखा है कि ‘अपने पूरे जीवन काल में मैंने इतना घटिया मानसिकता का सीएम नहीं देखा, जिसको पीएम जी पर भी इतनी हल्की बात बोलने पर शर्म नहीं आती। पीएम जी ने लोगों का हाल पूछा। आप हाल पूछने के लिए पीएम जी पर नीच कमेंट करते हो। अपनी नहीं पद की मर्यादा का सम्मान सीखिए’।

ट्वीट से दुनिया में हो रही थू-थू

BJP विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने ट्वीटर पर हेमंत सोरेन को नसीहत दी ‘वैश्विक महामारी के बीच मुख्यमंत्री जी अपने दायित्वों से बचने के लिए झारखंड की जनता को लगातार गुमराह कर रहे हैं। पीएम के झारखंड के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और प्रयासों को झुठलाने के आपके इस ओछे हरकत पर आज झारखंडी शर्मिंदा हैं। आपके इस बचकाना एवं गैर जिम्मेदाराना, निरंकुश ट्वीट की देश ही नहीं दुनिया में थू-थू हो रही है। झारखंड की संस्कृति में झूठ, फरेब की कोई जगह नहीं है। ईश्वर आपको सद्बुद्धि दें, संयमित रखें और ज़िम्मेदार बनाएं,’।

BJP आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने हेमंत सोरेन पर हमला बोलते हुए एक समाचार पत्र की कटिंग डाली, जिसमें रांची के सदर अस्पताल में ऑक्सीजन आपूर्ति बाधित होने से पांच मरीजों की मौत की खबर है। मालवीय ने लिखा है कि जो आपको मन की बात लगी वो काम की बात ही थी।

आपकी जगह कोई और भी मुख्यमंत्री होता तो भी पीएम जी फ़ोन करते क्योंकि झारखंड की जनता का सुख और सलामती सर्वोपरि है। इनके प्रदेश में लोग अव्यवस्था से मर रहे हैं और इन्हें कलाबाज़ी सूझ रही है। अपने दायित्व का एहसास ही नहीं।

 

 

Related News