सियासत : महाराष्ट्र का केंद्र को जवाब, राजीव गांधी के नाम पर अब IT अवार्ड देगी उद्धव सरकार

img

मुंबई। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी (Rajiv Gandhi) के नाम पर देश में सियासत सरगर्म है। महाराष्ट्र (Maharashtra) सरकार ने दिवंगत प्रधानमंत्री के नाम से एक नए पुरस्कार की घोषणा की है। राज्य की उद्धव सरकार ने मंगलवार को समाज का सागयोग करने वाले सूचना प्रौद्योगिकी (IT) संगठनों को सम्मानित करने के लिए ‘राजीव गांधी IT अवार्ड’ की स्थापना की है। महाराष्ट्र सरकार के इस कदम को केंद्र सरकार का जवाब माना जा रहा है।

राजीव गांधी

उल्लेखनीय है कि गत दिनों केंद्र की मोदी सरकार ने राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार का नाम बदलकर मेजर ध्यान चंद के नाम पर कर दिया था। महाराष्ट्र सरकार की एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार यह पुरस्कार हर साल दिवंगत कांग्रेस नेता की जयंती 20 अगस्त को प्रदान किया जाएगा। इस साल के लिए पुरस्कार के चयन का काम 30 अक्टूबर तक किया जाएगा. पुरस्कार के लिए संगठनों के चयन के लिए रूपरेखा तय करने के लिए महाराष्ट्र सूचना और प्रौद्योगिकी निगम नोडल एजेंसी होगी।

विज्ञप्ति के अनुसार यह पुरस्कार वर्ष 1984 से 1989 तक देश के प्रधानमंत्री रहे राजीव गांधी के भारत में आईटी क्षेत्र को प्रोत्साहन देने में योगदान को सम्मानित करने के लिए स्थापित किया गया है। बताते चलें कि इससे पहले शिवसेना ने राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार का नाम बदलकर हॉकी के महान खिलाड़ी ध्यानचंद के नाम पर रखने के मोदी सरकार के फैसले को एक राजनीतिक खेल करार दिया था। कांग्रेस, शिवसेना और एनसीपी के साथ महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी सरकार में शामिल है।

Related News