प्रियंका गांधी चलाएंगी यूपी कांग्रेस के मठाधीशों पर ‘डंडा’!

img

उत्तर प्रदेश।। यूपी में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा अब संगठन में जुझारू टीम तैयार करने में जुटी हैं। इसके लिए वह ‘मठाधीशों’ से छुटकारा और जुझारू कार्यकर्ताओं को ओहदा देकर उन्हें आगे करने की रणनीति पर काम कर रही हैं। इसके जरिए पार्टी की नीतियों पर काम करने वाले सोशल वर्कर, स्टूडेंट लीडर और जमीनी कार्यकर्ताओं को मौका देने की योजना है।

वहीं सोशल इंजीनियरिंग को अपनाकर अगड़ों, अल्पसंख्यक, दलित, पिछड़ों के संग महिलाओं को भी समायोजित करने का प्लान है। यूपी कांग्रेस प्रवक्ता हिलाल नक़वी ने बताया कि यूपी कांग्रेस की सभी कमेटियां भंग होने के बाद अब प्रियंका गांधी काम करने वाले कार्यकर्ताओं को मुख्यधारा में लाने की कोशिशों में जुटी हैं।

पढ़िए-लोहिया ट्रस्ट पर योगी सरकार का कब्जा, सपा को बड़ा झटका

यूपी कांग्रेस के ‘मठाधीशों’ के सवाल पर नकवी ने कहा कि जो लोग पद और अपने नाम के आधार पर कांग्रेस में रहकर काम नहीं कर रहे हैं, ऐसे लोगों के लिए पार्टी में कोई जगह नहीं है। इसके अलावा नाम के आधार पर सियासत करने वालों लोगों को भी बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया कि सक्रिय राजनीति में महिलाओं को आगे लाने की कोशिश की जा रही है, जिससे महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी हो सके। उन्होंने कहा कि अक्सर महिलाओं को नजरअंदाज़ कर दिया जाता था, लेकिन अब ऐसा देखने को नहीं मिलेगा। पार्टी में महिला कार्यकर्ताओं को भी आगे लाकर संगठन को मजबूत किया जाएगा।

यूपी की 12 विधानसभाओं के लिए जल्द होने वाले उपचुनाव पर प्रियंका गांधी की रणनीति पर हिलाल नकवी ने बताया कि सीएम योगी आदित्यनाथ करोड़ों रुपये का शिलान्यास कर रहे हैं, ऐसे में शिलान्यास और सौगात देने को पहले भी प्रदेश की जनता ने नकार चुकी है। यह सिर्फ सत्ता पक्ष की बौखलाहट है, क्योकि उनको पता है कि वो उपचुनाव हार रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आने वाले वक्त में प्रियंका गांधी यूपी में होने वाले उपचुनाव का प्रचार करेंगी। बता दें कि उत्तर प्रदेश में 12 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं।

फोटो- फाइल

Related News