img

यूपी किरण डेस्क। लोकसभा चुनाव के चार चरण संपन्न हो चुके हैं। सियासी पार्टियां शेष चरणों के लिए ताकत झोके हुए हैं। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने के दावे भी किये जाने लगे हैं। गत दिनों छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने की बात की थी। उनके बाद अब मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी कहा है कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बने, यह हमारे मन की भावना है।

दिग्विजय सिंह एक न्यूज़ चैनल से बातचीत में ये बात कही है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि भूपेश बघेल ने जो बातें कही हैं वही भावना मेरी भी है। दिग्गी राजा ने कहा कि राहुल गांधी ने चुनाव को लेकर बहुत मेहनत की है। वह लगातार गरीबों की लड़ाई लड़ रहे हैं। देश में नफरत खत्म करने के लिए कोशिश कर रहे हैं। वह पीएम मैटेरियल है।

राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाए जाने के कांग्रेस नेताओं के बयान पर विपक्ष के दूसरे नेता फिलहाल कोई प्रतिक्रिया अभी नहीं दे रहे हैं। लेकिन दिग्विजय सिंह का कहना है कि कांग्रेस प्रधानमंत्री पद के लिए राहुल गांधी का नाम आगे कर रहे हैं। लेकिन इस बारे में अंतिम फैसला इंडिया एलाइंस के नेता ही करेंगे। दिग्विजय सिंह ने कहा कि राहुल गांधी स्वाभाविक तौर पर हमारी तरफ से प्रधानमंत्री के दावेदार हैं। वह देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद राहुल गांधी कांग्रेस के घोषणा पत्र की पांच प्रमुख गारंटियों को पूरा करने का काम प्रमुखता से करेंगे। गरीबों को पांच के बदले 10 किलो मुफ्त राशन दिए जाने का मुद्दा भी असर कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार बदलाव की बयार बह रही है। इससे बीजेपी घबरा गयी है। मोदी मैजिक नहीं बल्कि झूठ है। 
 

--Advertisement--