नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि चाहे NRC हो या NPR, यह गरीबों पर हमला है। नोटबंदी भी गरीबों पर हमला था। राहुल गांधी ने कहा किक्योंकि अब गरीब सवाल कर रहे हैं कि उन्हें नौकरी कैसे मिलेगी?
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को अपने एक बयान में केन्द्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार असल समस्याओं से लोगों का ध्यान भटका रही है। गहलोत ने कहा कि पीएम मोदी और अमित शाह एनआरसी को लेकर अलग-अलग बयान दे रहे हैं और देश को गुमराह कर रहे हैं।
शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद बवाल की आंशका को देखते हुए उत्तर प्रदेश के 21 जिलों में एहतियातन इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी गई है। शुरूआत में प्रदेश के 9 जिलों में इंटरनेट बंद किया गया था, लेकिन गुरूवार रात में अतिरिक्त मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी के आदेश पर 21 जिलों में इंटरनेट बंद कर दिया गया है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
बीते शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भड़की हिंसा में करीब 19 लोगों की मौत हो गई थी। यही वजह है कि आज होने वाली जुमे की नमाज को देखते हुए एहतियातन सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।