असम-मिजोरम विवाद पर बोले राहुल गांधी – हिंसा की घटनाएं गृहमंत्री की नाकामी

img
New Delhi। पूर्वोत्तर के दो राज्यों असम और मिजोरम के बीच सोमवार को खूनी संघर्ष हुआ। दोनों राज्यों के बीच तनाव अभी भी जारी है। इन घटनाओं को लेकर लेकर विपक्ष मोदी सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ताजा हिंसा की घटनाओं को गृहमंत्री अमित शाह की नाकामी करार देते हुए कहा है कि वो देश के नागरिकों में नफरत और अविश्वास पैदा करने का काम कर रहे हैं।

राहुल गांधी ने असम और मिजोरम के बीच जारी हिंसक तनाव को लेकर गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘इस घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति मैं अपनी संवेदना प्रकट करता हूं। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। इस घटना से एक बार फिर गृहमंत्री की नाकामी सामने आई है। वो देश के नागरिकों में नफरत और अविश्वास पैदा करने का काम कर रहे हैं। भारत अब इसके चलते खराब हालात भुगत रहा है।’ उन्होंने अपने इस ट्वीट में इस घटना का एक वीडियो भी शेयर किया है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पूर्वोत्तर का दौरा किया था और सातों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वार्ता में सीमा विवादों को सुलझाने की आवश्यकता को रेखांकित किया था। इसके दो दिन बाद ही असम और मिजोरम के बीच हिंसक संघर्ष शुरू हो गया, जिसमे छह लोग मारे गए और पचास से अधिक लोग घायल हो गए। दोनों राज्यों के बीच अभी भी तनाव बना हुआ है।

हिंसा के बाद गृहमंत्री अमित शाह ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथांगा के साथ बातचीत कर उनसे अंतरराज्यीय सीमा पर शांति बनाए रखने को कहा है। अमित शाह ने दोनों मुख्यमंत्रियों को सौहार्दपूर्ण तरीके से विवाद को सुलझाने का भरोसा भी दिलाया।

Related News