राज्यसभा चुनाव : गुजरात का हिसाब कर्नाटक में चुकता करेगी कांग्रेस

img

नई दिल्ली। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस- भाजपा दोनों एक -दूसरे को मात देने में लगी हैं। गुजरात में भाजपा ने कांग्रेस पार्टी में सेंध लगाकर दो सीटें जीतने की उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। अब कांग्रेस ने भी उससे हिसाब चुकता करने की रणनीति बना ली है। यह हिसाब अब कर्नाटक में चुकता किया जाएगा। कांग्रेस की इस रणनीति ने भाजपा के रणनीतिकारों को बेचैन कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि गुजरात विधानसभा में कांग्रेस के 68, भारतीय ट्राइबल पार्टी के 2 और एनसीपी का एक विधायक है। कांग्रेस इन 71 विधायकों के बल पर दो सीटें आसानी से जीत लेती, लेकिन पार्टी के तीन विधायकों ने ऐन वक्त पर हाथ का साथ छोड़ दिया। ये विधायक अब भाजपा की रणनीति का हिस्सा बन चुके हैं। अब यहां पार्टी को सिर्फ एक सीट जीतकर ही संतोष करना पड़ेगा। लेकिन गुजरात में मात खा गई कांग्रेस अब इसका बदला भाजपा से कर्नाटक में लेने जा रही है।

कांग्रेस ने कर्नाटक में भाजपा के खाते में एक अतिरिक्त सीट को जाने से रोकने के लिए जनता दल सेक्युलर (जेडीएस) के सुप्रीमो और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा को राज्यसभा सीट पर समर्थन देने की रणनीति बना ली है। कर्नाटक में कांग्रेस के विधायकों की इतनी संख्या है कि पार्टी उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे आसानी से सीट निकाल देंगे। इसके बाद भी कांग्रेस के पास 14 मत और बचेंगे। इन मतों का इस्तेमाल वह भाजपा को पटकनी देने के लिए करेगी।

Related News