रामानंद सागर की रामायण के रावण ने दुनिया को कहा अलविदा, इन बीमारियों से जूझ रहे थे

img

मुंबई। हाल ही में टेलीविजन शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में नट्टू काका की भूमिका निभाने वाले अभिनेता घनश्याम नायक के निधन ने इंडस्ट्री को बड़ा झटका दिया था। वहीं अब मनोरंजन जगत के लिए एक और दुखद खबर है। रामानंद सागर के पौराणिक टीवी शो ‘रामायण’ (Ramayan) में रावण का किरदार निभाने वाले अभिनेता अरविंद त्रिवेदी (Arvind Trivedi) का निधन हो गया है।

Arvind Trivedi

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो 83 वर्षीय अरविंद त्रिवेदी का पांच अक्टूबर यानी मंगलवार की रात को हार्टअटैक से निधन हो गया। अरविंद त्रिवेदी लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। पिछले कुछ वक्त से वे चलने में भी असमर्थ हो गए थे।

‘लक्ष्मण’ ने जताया दुःख

रामायण में लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले अभिनेता सुनील लहरी ने अरविंद के निधन पर शोक व्यक्त किया है। सुनील ने ट्विटर पर लिखा, ‘बहुत दुखद समाचार है कि हमारे सबके प्यारे अरविंद भाई अब हमारे बीच नहीं हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। मैंने अपने पिता समान, मेरे गाइड और बेहतरीन इंसान को खो दिया।’ सुनील लहरी के साथ ही अन्य कई सेलेब्स और फैन्स ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

बता दें कि अरविंद त्रिवेदी ने एक तरफ जहां रामानंद सागर की रामायण में रावण बनकर दर्शकों का दिल जीता था तो वहीं दूसरी तरफ कई गुजराती फिल्मों में भी उन्होंने बेहतरीन अभिनय का लोहा मनवाया है। गुजराती सिनेमा में उन्होंने करीब 40 साल तक योगदान दिया। इसके साथ ही टीवी शो विक्रम और बेताल के लिए भी उन्हें जाना जाता है।

Related News