कहीं नहीं जा रहे हैं सचिन पायलट, प्रियंका गांधी व माकन से आज करेंगे मुलाक़ात!

img

नई दिल्ली। राजस्थान में जारी सियासी खींचतान के बीच सचिन पायलट दिल्ली में हैं। पायलट के दिल्ली पहुँचने के समय ही प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी दिल्ली पहुंच गए हैं। इसके बाद ही राजस्थान की राजनीति को लेकर कयासों का बाजार गर्म है। उनके बीजेपी में जाने की अटकलें लगाईं जा रही हैं। लेकिन, फिलहाल सचिन पायलट कहीं नहीं जा रहे हैं। वह आज वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। इसके अलावा पायलट प्रदेश पार्टी प्रभारी अजय माकन और प्रियंका गांधी के साथ संपर्क में हैं। वह आज प्रियंका गांधी से मिल भी सकते हैं।

गहलौत से असंतुष्ट चल रहे सचिन पायलट पार्टी नेृतत्व से कुछ समस्याओं का समाधान चाहते हैं। वह पहले ही इस बात पर नाराजगी जाहिर कर चुके हैं कि 10 महीने बाद भी उनकी सुनवाई नहीं हुई। पायलट गुट की शिकायत है कि गहलोत राज में उनके साथ विपक्ष जैसा बर्ताव हो रहा है। कार्यकर्ताओं – विधायकों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है और उनकी शिकायतों को नजरअंदाज किया जाता है।

उल्लेखनीय है कि सचिन पायलट ने अपने समर्थक विधायकों के साथ पिछले साल भी बागी तेवर दिखाए थे। हालांकि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के हस्तक्षेप के बाद वह मान गए थे। इसके बाद खुद प्रियंका गांधी ने तीन सदस्यीय कमेटी का गठन कर पायलट खेमे के मुद्दों को हल निकालने का आश्वासन दिया था। लेकिन आज तक कमिटी ने इस सन्दर्भ में कोई प्रगति नहीं की।

सूत्रों से जानकारी के अनुसार सचिन पायलट पार्टी आलाकमान का ध्यान खींचने में सफल हुए हैं। आज दिल्ली में वह प्रदेश पार्टी प्रभारी अजय माकन और प्रियंका गांधी से मुलाकत कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी नेृतत्व सचिन पायलट से मंत्रिमण्डल विस्तार और राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर चर्चा करना चाहता है। इसमें पायलट समर्थक विधायकों को मंत्री बनाने और राजनीतिक नियुक्तियों में भागीदारी की बात शामिल है।

Related News