ब्राह्मण सम्मेलन में गरजे SC मिश्र, कहा – UP में ब्राह्मणों के एनकाउंटर का बदला लेने का वक्‍त

img

अयोध्या। बहुजन समाज पार्टी ने शुक्रवार को अयोध्या से ब्राह्मण सम्मेलन का शुभारंभ कर दिया है, हालांकि इसका नाम बदलकर  ‘प्रबुद्ध वर्ग संवाद सुरक्षा सम्मान विचार गोष्ठी’ कर दिया गया है। बीएसपी के राष्‍ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने इस गोष्ठी की शुरुआत की। इस मौके पर सतीश चंद्र मिश्र ने यूपी में ब्राह्मणों के एनकाउंटर का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अब वक्‍त आ गया है कि ब्राह्मणों के एनकाउंटर का बदला लिया जाए। इस मौके पर श्री मिश्र ने राम मंदिर से लेकर ब्राह्मण समाज तक कई अहम बिंदुओं को उद्धृत किया।

अयोध्या में सतीश चंद्र मिश्र ने योगी सरकार को खूब खरी-खरी सुनाई। उन्होंने कहा कि यूपी में 13% ब्राह्मण हैं, फिर भी हाशिये पर हैं। इसका कारण है कि ब्राह्मण एकजुट नहीं हो पा रहा हैं। ब्राह्मणों को एकजुट होना पड़ेगा। जब 13% ब्राह्मण व 23% दलित एकजुट हो जाएगा तो बीएसपी की सरकार बनने से कोई नहीं रोक पाएगा। श्री मिश्र ने कहा की ब्राह्मणों को जाति और उपजाति की दीवार खत्म करनी होगी, तभी हम बड़ी ताक़त बनेंगे।

श्री मिश्र ने कहा कि बीएसपी सरकार में 62 सीट ब्राह्मण जीते थे। ब्राह्मण समाज के कारण ही बीएसपी की पूर्ण बहुमत की सरकार आई थी। मायावती ने 15 ब्राह्मणों को मंत्री, 35 को चेयरमैन और 15 को MLC बनाया था। इसी तरह मायावती ने ब्राह्मण समाज के 2200 वकीलों को सरकारी वकील बनाया, ब्राह्मण को चीफ सेक्रेटरी बनाया। सभी ब्राह्मण अधिकारियों को उचित तैनाती दी गई।

बीएसपी महासचिव ने इस मौके पर विकास दुबे एनकाउंटर के बहाने भी योगी सरकार को कठघरे में खड़ा किया। श्री मिश्र ने कहा कि क्या दोष है उस नाबालिक 6 साल की लड़की खुशी का जो एक साल से जेल में बंद है। ख़ुशी को बाराबंकी जेल में और उसके मां और बाप को कानपुर रखा गया। मुख्यमंत्री को इस मामले पर खुद संज्ञान लेना चाहिए।

सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि मायावती ने नारा दिया था, ‘हाथी नहीं गणेश है, ब्रम्हा विष्णु महेश है’। हमारी सरकार बनेगी तो अयोध्या में राम का भव्य मंदिर भी बनेगा। उन्हने कहा कि बीजेपी भगवान राम की बात करती है, लेकिन माता सीता की बात नहीं नहीं करती। श्री मिश्र ने कहा कि ये लोग हमसे पूछ रहे कि हम अयोध्या क्यो आए ? क्या अयोध्‍या पर सिर्फ बीजेपी का ठेका है ? भगवान राम हमारे भी हैं। हम उनके दर्शन करने आए हैं।

उल्लेखनीय है कि बीएसपी ने वर्ष 2007 में ब्राह्मणों के समर्थन से यूपी में बहुमत की सरकार बनाई थी। अब चौदह साल बाद बीएसपी एक बार फिर ब्राह्मणों के सहारे ही सूबे की सत्ता पर काबिज होने के लिए ब्राह्मण सम्मेलन कर रही है। बीएसपी के राष्‍ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र के संयोजकात्व में सूबे के सभी जनपदों में ब्राह्मण सम्मेलन होगा। हालांकि डेढ़ दशक में सूबे के सियासी हालात बदल चुके हैं।

Related News