पाकिस्तान की शर्मनाक हरकत, भारत के इतने जवान शहीद, सीमापार भी बड़ा नुकसान

img
जम्मू। पाकिस्तानी सेना की ओर से अखनूर के केरी बटल इलाके में शुक्रवार को एक बार फिर किए गए संघर्ष विराम के उल्लंघन में सेना के दो जवान शहीद हो गए जबकि एक जवान घायल हो गया। भारतीय जवानों ने भी पाकिस्तान की गोलाबारी का कड़ा जवाब दिया है। भारत की जवाबी गोलाबारी में पाकिस्तानी चौकियों को काफी नुकसान पहुंचा है। पाक सैनिकों के घायल होने की भी सूचना है लेकिन अधिकारिक तौर पर अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।
army
पाकिस्तान ने शुक्रवार सुबह अखनूर के साथ लगते केरी बटल इलाके में भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए अचानक गोलाबारी शुरू कर दी। इसकी चपेट में आने से सेना के तीन जवान घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई के बीच घायल जवानों को तुरंज सैन्य अस्पताल अखनूर पहुंचाया गया परंतु नायक प्रेम बहादुर खत्री व राइफलमैन सुखबीर सिंह शहीद हो गए। घायल जवान का इलाज अस्पताल में चल रहा है जिसकी पहचान जाहिर नहीं की गई है। शहीद नायक प्रेम बहादुर खत्री उत्तर प्रदेश के जिला महाराजगंज के गांव सरोजिनी नगर के रहने वाले थे जबकि राइफलमैन सुखबीर सिंह पंजाब के तरनतारन खडूर साहिब के गांव ख्वासपुरा के थे।
रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने इसे सीमा पार से संघर्ष विराम के उल्लंघन का मामला बताते हुए कहा कि ये जवान गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब देते हुए शहीद हुए हैं। गुरुवार को भी पाकिस्तानी सैनिकों ने जिला पुंछ में नियंत्रण रेखा से सटे दिगवार और किरनी सेक्टर में भी गोलाबारी की थी। इस गोलाबारी में सेना के सूबेदार स्वतंत्र सिंह शहीद हो गये थे। इसके अलावा किरनी निवासी युवक मोहम्मद रशीद भी इस गोलाबारी के दौरान घायल हुआ था।
Related News