लोकसभा में विदेश राज्यमंत्री का बयान, बताया कैसे हैं वर्तमान में पड़ोसी देशों के साथ भारत के संबंध

img
नई दिल्ली, 16 सितम्बर, यूपी किरण। सरकार ने बुधवार को लोकसभा में बताया कि चीन सहित पड़ोसी देशों के साथ भारत के संबंध हाल के दिनों में नहीं बिगड़े है।
           
लोकसभा में विदेश राज्यमंत्री वी मुरलीधर ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि भारत चीन सहित पड़ोसी देशों के साथ अपने संबंधों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। भारत अपने पड़ोसियों का एक सक्रिय राजनीतिक और आर्थिक भागीदार है और इन देशों के साथ विकास परियोजना में शामिल है। भारत के पड़ोसी देशों के साथ शिक्षा, संस्कृति, व्यापार और निवेश क्षेत्र में व्यापक संबंध है। अन्य देशों के साथ भारत के संबंध अपने बलबूते पर खड़े हैं और अन्य देशों के साथ संबंधों का उन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता।
वहीं विदेश राज्यमंत्री ने चीन के साथ मौजूदा संबंधों पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि 15 जून 2020 को दोनों देशों के बीच सीमा पर झड़प हुई जिसमें दोनों ओर के सैनिक हताहत हुए। उन्होंने बताया कि इसके बावजूद दोनों देश सैन्य और राजनयिक माध्यमों से बातचीत कर रहे हैं। अपने जवाब में उन्होंने कहा कि 10 सितंबर को चीन के विदेश मंत्री से हुई वार्ता और उसमें तय हुए पांच बिंदुओं का भी जिक्र किया। विदेश मंत्री ने अपने जवाब में आशा व्यक्त की कि दोनों देश और राजनयिक और सैन्य स्तर पर बातचीत कर रहे हैं।

 

Related News