पूर्व केन्द्रीय मंत्री के निधन पर मुख्यमंत्री ने जताया शोक, उनके कार्यों की भी सराहना की..

img
लखनऊ, 13 सितम्बर ,यूपी किरण। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री रघवंश प्रसाद सिंह के निधन पर गहरा शोक जताया है।
                   
उन्होंने कहा कि सादगी की अप्रतिम मिसाल, ग्रामीण पृष्ठभूमि से संबंध रखने वाले वरिष्ठ राजनेता रघुवंश प्रसाद सिंह जी का निधन अत्यंत दुःखद है। ग्राम्य विकास मंत्रालय में उन्होंने सराहनीय कार्य किया। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
विधानसभा अध्यक्ष हृदया नारायण दीक्षित ने कहा कि रघुवंश प्रसाद सिंह के आकस्मिक निधन से अपार दुःख की अनुभूति हुई। ईश्वर उनकी आत्मा को मोक्ष प्रदान करे और परिजनों को इस महाविपदा को सहन करने की शक्ति दे।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह अपनी विशिष्ट कार्यशैली एवं ग्रामीण विकास में योगदान के लिए वे सदैव स्मरणीय रहेंगे। प्रभु श्री राम दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद जी के आज दिल्ली के एम्स में हुए निधन से देश ने गरीबों के लिए बुलंद आवाज से तर्क रखने वाले एक जमीनी और समर्पित नेता को खो दिया है।
समाजवादी पार्टी की ओर से कहा गया कि समाज की अंतिम पंक्ति पर खड़े हर व्यक्ति की आवाज, पूर्व केंद्रीय मंत्री, लोकप्रिय वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह का निधन अत्यंत दुखद एवं भारतीय राजनीति की अपूरणीय क्षति। दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिवार को दुख सहने की शक्ति दे भगवान।
कांग्रेस महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि ग्रामीण इलाकों, खेत-खलिहानों और सामाजिक न्याय की मजबूत आवाज रघुवंश प्रसाद सिंह का निधन भारतीय राजनीति के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। रघुंवश जी को उनके योगदान के लिए हमेशा याद रखा जाएगा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद का रविवार को निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली एम्स में आखिरी सांस ली। फेफड़े में संक्रमण की वजह उन्हें भर्ती कराया गया था। अचानक तबीयत ज्यादा खराब होने के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।
Related News