देहरादून। पर्वतीय क्षेत्रों के साथ-साथ अब मैदानों में भी रहने वाले लोगों को सुबह-शाम ठंड का एहसास होने लगा है। देहरादून समेत राज्य के अन्य कई जिलों के तापमान में मामूली अंतर रह गया है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो इस समय मौसम शुष्क व तापमान का ग्राफ नीचे की तरफ है। देहरादून में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री के आसपास रहा। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में 17 व 18 अक्टूबर को कुछ जिलों में बारिश की की आशंका जताई है।
मौसम निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अक्टूबर माह से धूप गुनगुनी और अच्छी लगने लगती है। यहां सुबह शाम तापमान कम होने से ठंड महसूस होने लगी है। राजधानी देहरादून में बीते साल 2020 में अक्तूबर माह में सर्वाधिक तापमान 34.6 डिग्री था जबकि न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री तक चला गया था। साल 2019 में अक्टूबर का सर्वाधिक तापमान 32.2 व न्यूनतम 13.8 डिग्री तक रहा था। 2018 में अधिकतम तापमान 32.8 व न्यूनतम 11.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इस साल अक्टूबर में तापमान और भी नीचे जाने की संभावना है।
17 और 18 को बारिश की संभावना
लोकल सिस्टम शुरू होने से राज्य में 17 व 18 को कुछ जिलों में बारिश की संभावना है। मानसून की विदाई के बाद बीते छह दिनों में राज्य में छिटपुट अवसरों को छोड़कर बारिश नहीं हुई है। ऐसे में शुष्कता बढ़ती जा रही है। मामूली बारिश भी इस समय शुष्कता का असर खत्म कर राहत दे सकती है।
शहर अधिकतम न्यूनतम
देहरादून 31.6 17.2
पंतनगर 34 17.1
मुक्तेश्वर 25.2 14.8
नई टिहरी 25.4 15
पिथौरागढ़ 29.1 13.2
नैनीताल 22.5 13.2
मसूरी 24.2 15.1
जौलीग्रांट 32.6 16.6
खटीमा 33 20
रानीचौरी 24.5 10.4