जल्द मां बनने वाली हैं ये बॉलीवुड अभिनेत्री, शादी के चार साल बाद बनेंगे माता- पिता

img
मुम्बई 13 अक्टूबर यूपी किरण। अमृता राव और अनमोल सूद उर्फ आरजे अनमोल शादी के चार साल बाद माता-पिता बनने के लिए तैयार हैं। हाल ही में अभिनेत्री अमृता राव को पति रेडियो जॉकी अनमोल के साथ खार स्थित एक क्लिनिक के बाहर देखा गया। अमृता राव की एक तस्वीर सामने आई है, जिसमें उनका बेबी बंप साफ नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर उनकी बेबी बंप वाली तस्वीर वायरल हो रही है। तस्वीर में अमृता राव सफेद रंग की टीशर्ट और शॉर्ट्स में नजर आ रही हैं।
39 वर्षीय अभिनेत्री अमृता राव जल्द ही मां बनने वाली हैं। लॉकडाउन के दौरान कई सेलिब्रिटीज पेरेंटहुड के लिए तैयार हैं, जिसमें सैफ अली खान-करीना कपूर खान, विराट कोहली-अनुष्का शर्मा और जहीर खान-सागरिका घाटगे हैं। अब शादी के चार साल बाद अमृता राव और अनमोल सूद उर्फ आरजे अनमोल के घर नन्हा मेहमान आने वाला है।
अमृता राव और अनमोल सूद 15 मई, 2016 को शादी के बंधन में बंधे थे। शादी से पहले दोनों ने लगभग सात साल तक एक दूसरे को डेट किया था। शादी के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा की थी। उनकी शादी में परिवार और सिर्फ करीबी दोस्त ही शामिल हुए थे।
अभिनेत्री अमृता राव ने 2002 में आर्य बब्बर के साथ फिल्म अब के बरस से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद वह इश्क विश्क, मैं हूं ना, देवर, मस्ती, शिखर, विवाह, लाइफ हो तो ऐसी, जॉली एलएलबी, सत्याग्रह, सिंह साब द ग्रेट जैसी फिल्मों में नजर आई। फिल्म इश्क-विश्क और विवाह में अमृता राव और शाहिद कपूर की केमेस्ट्री को काफी पसंद किया गया था। अमृता राव को आखिरी बार नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ फिल्म ठाकरे में देखा गया था। इसके अलावा अमृता साउथ की कई फिल्मों और टीवी सीरियल में काम कर चुकी हैं।

 

Related News