साउथ के इस दिग्गज अभिनेता का हुआ निधन, फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर

img

अभिनेता जयप्रकाश रेड्डी का मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 74 वर्ष के थे। तेलुगु अभिनेता जयप्रकाश रेड्डी ने आंध्र प्रदेश के गुंटूर में अंतिम सास ली। जयप्रकाश रेड्डी अपनी खलनायक और हास्य भूमिकाओं के लिए जाने जाते थे। फ‍िल्‍म समीक्षक रमेश बाला ने जयप्रकाश रेड्डी के निधन की जानकारी सोशल मीडिया पर दी।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने उनके निधन पर शोक जाहिर किया है और परिवार को अपनी सांत्‍वना व्‍यक्‍त की है। वहीं तेलुगु देशम पार्टी के मुखिया एन चंद्रबाबू नायडू ने भी रेड्डी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। नायडू ने लिखा-‘जयप्रकाश रेड्डी गुरु के निधन से तेलुगु सिनेमा और थियटर ने अपना एक हीरा खो दिया। कई दशकों तक उनकी अलग-अलग भूमिकाओं ने हमें अनेक सिनेमाई यादें दी हैं। इस दुख की घड़ी में उनकी फैमिली और दोस्तों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।’ मनोरंजन जगत से जुड़े कई कलाकारों ने उनके निधन पर दुख व्यक्त जताया है।

8 मई, 1946 को जन्मे जयप्रकाश रेड्डी ने फिल्म ब्रह्मपुत्रुडू से फिल्मी दुनिया में कदम रखा था। रायलसीमा बोली के साथ उन्होंने अपनी एक विशेष पहचान हासिल की थी। उनकी लोकप्रिय फिल्मों में समरसिम्हा रेड्डी, प्रेमिनचुकुंदम रा, नरसिम्हा नायडू, रेडी, किक, जयम मनदेरा, चेन्नकेशवरेड्डी, सीतय्या, छत्रपति, गब्बरसिंग, नायक, रेसुगुर्रम, मनम, टेम्पर, सरैनोडु, कबड्डी कबड्डी, इवादिला आदि शामिल हैं। अभिनेता को आखिरी बार महेश बाबू स्टारर सरिलरु नीकेवरु में देखा गया था। यह फिल्म इस साल जनवरी में रिलीज हुई थी।

Related News