भारत की नागरिकता छोड़ किस देश के तरफ रुख कर रहें लोग, जानें कितनों ने पाकिस्तान को बनाया नया घर

img

पिछले 3 सालों में 3.92 लाख लोगों ने भारत की नागरिकता छोड़ दी। खास बात यह है कि भारत के इन नागरिकों ने 120 देशों की नागरिकता हासिल कर ली है। इनमें से सबसे ज्यादा 1.70 लाख लोगों ने अमेरिका की नागरिकता ली है। केंद्र सरकार ने मंगलवार को लोकसभा में यह जानकारी दी. इतना ही नहीं 48 नागरिक ऐसे हैं जो भारत छोड़कर पाकिस्तान की नागरिकता ले चुके हैं।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने लोकसभा में बताया कि विदेश मंत्रालय से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, जिन लोगों ने भारत की नागरिकता छोड़ दी है, उन्होंने 120 देशों की नागरिकता ले ली है. इतना ही नहीं, इन लोगों ने अपने निजी कारणों से भारत की नागरिकता छोड़ दी है।

तीन साल में 3,92,643 लोगों ने छोड़ी नागरिकता

नित्यानंद राय ने एक लिखित जवाब में कहा कि 2019, 2020 और 2021 में 3,92,643 लोग भारत की नागरिकता छोड़ चुके हैं। इनमें से 1,70,795 लोगों ने अमेरिकी नागरिकता ली। जबकि 64,071 लोग कनाडा के नागरिक बन चुके हैं। इसके अलावा 58,391 लोगों ने ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता ली है, 35,435 लोगों ने यूके, 12131 लोगों ने इटली और 8,882 लोगों ने न्यूजीलैंड की नागरिकता ली है। जहां 7,046 लोग सिंगापुर पहुंच चुके हैं, वहीं 6,690 लोग जर्मनी पहुंच चुके हैं, 3,754 लोग स्वीडन पहुंच चुके हैं और 48 लोग पाकिस्तान पहुंच चुके हैं.

2021 की बात करें तो पिछले एक साल में 1,63,370 लोग भारत की नागरिकता छोड़ चुके हैं। इनमें से 78,284 भारतीयों ने अमेरिका की नागरिकता ली है, 23,533 लोगों ने ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता ली है। वहीं, 21,597 लोग कनाडा और 14,637 लोग ब्रिटेन पहुंच चुके हैं।

पिछले 5 साल में 6 लाख से ज्यादा नागरिकों ने छोड़ी नागरिकता

इससे पहले आजतक की आरटीआई के जवाब में गृह मंत्रालय ने बताया था कि पिछले 5 साल में भारत के 6 लाख से ज्यादा नागरिकों ने नागरिकता छोड़ी है. मंत्रालय के मुताबिक 2017 से 2021 तक 6,08,162 लोगों ने भारत की नागरिकता छोड़ दी है। औसत की बात करें तो हर साल 1,21,632 लोग भारत की नागरिकता छोड़ चुके हैं।

5 साल में कितने लोगों ने ली भारत की नागरिकता

पिछले 5 सालों में 5220 विदेशियों को भारत की नागरिकता मिली है. इनमें से 87 फीसदी यानी 4552 पाकिस्तान से आए हैं। भारत में हर साल करीब 1044 लोगों को नागरिकता दी गई है। भारतीय नागरिकता लेने में पाकिस्तान सबसे आगे है। पाकिस्तान के 87%, अफगानिस्तान के 8% और बांग्लादेश के 2% लोगों ने भारत की नागरिकता ले ली है। पिछले 5 सालों में सिर्फ 2021 में ही 1000 से ज्यादा लोगों को नागरिकता दी गई. 2021 में कुल 1745 लोगों को भारत की नागरिकता मिली, जिनमें से 1580 पाकिस्तान से आए।

Related News