यूपी शिक्षक भर्ती मामला : प्रियंका गांधी का योगी सरकार पर हमला, कहा – शिक्षक भर्ती में गड़बड़ियां पूरी व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह

img

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शिक्षक भर्ती मामले को लेकर यूपी की योगी सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। प्रियंका गांधी ने कहा कि शिक्षक भर्ती में जिस तरह से गड़बड़ियां सामने आ रही हैं वो चौंकाने वाली और पूरी व्यवस्था पर ही प्रश्नचिन्ह हैं। उत्तर प्रदेश के युवाओं का भविष्य रौंदा जा रहा है। सरकार गड़बड़ियों से जुड़े सारे तथ्य सामने लाए। प्रियंका ने नोएडा में गर्भवती महिला पर हमले और एक शिक्षिका द्वारा 25 स्कूलों से वेतन लेने की घटनाओं को लेकर भी योगी सरकार पर तंज कसा है।

प्रियंका गांधी ने रविवार को ट्वीट करके कहा है कि यूपी में एक शिक्षिका 13 महीने तक 25 स्कूलों से वेतन लेती रही। इस तरह के फर्जीवाड़े से न जाने कितने स्कूलों में बच्चों की शिक्षा के साथ खिलवाड़ हो रहा होगा। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो यूपी के 69000 से अधिक शिक्षकों की भर्तियां रुकी हुई हैं और दूसरी तरफ इस तरह की धांधलियां बच्चों के भविष्य को बर्बाद ना कर दें। सरकार पारदर्शी और साफ व्यवस्था अपनाएं, यह बच्चों के भविष्य का सवाल है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि नोएडा में एक गर्भवती महिला के साथ हुआ जानलेवा हादसा एक चेतावनी है। यूपी में कई जगहों से इस तरह की खबरें आई हैं। सरकार को इसके लिए पूरी तैयारी करनी चाहिए ताकि किसी की जान न जाए। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान सरकार को नॉन कोविड बीमारियों और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं को बहुत गंभीरता से लेना होगा। इसमें किसी भी तरह की चूक के गंभीर परिणाम हो सकते हैं।

Related News