उत्तर प्रदेश: यहां पर बीडीसी सदस्य की, बदमाशों ने की, गोली मारकर हत्या

img
आजमगढ़, 09 अक्टूबर यूपी किरण। पवई थाना क्षेत्र के जल्दीपुर गांव में गुरूवार देर रात भाजपा नेता व क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्जुन यादव की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी और असलहा लहराते हुए मौके से फरार हो गये। बीडीसी की हत्या के बाद गांव में तनाव की स्थिति है। पुलिस हत्या की वजह व हत्यारोपियों की तलाश में जुट गयी है।
पवई थाने के जल्दीपुर गांव निवासी अर्जुन यादव (46 वर्ष) लगातार दो बार से क्षेत्र पंचायत सदस्य थे। वर्तमान में वह भाजपा के नेता भी थे। अर्जुन की पवई कस्बे में पतंजलि स्टोर की दुकान है। वह प्रतिदिन की तरह रात को दुकान बंद कर घर वापस लौट रहा थे कि गांव के मोड़ के समीप बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से असलहा लहराते हुए फरार हो गये। रात में गोलियां की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा।
वहीं मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने परिजनों को अर्जुन के घायल होने की सूचना दी। आनन-फानन में परिजनो ने अर्जुन को फूलपुर सीएचसी में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला चिकित्सालय पर पहुंचने पर चिकित्सको ने अर्जुन को मृत घोषित कर दिया। अर्जुन की मौत के बाद गांव में तनाव फैल गया। सूचना के बाद गांव में कई थानों की फोर्स के साथ पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। लेकिन बदमाश पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सके।
पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि बीडीसी की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के सम्बन्ध में परिजनों से जानकारी ली जा रही है। लेकिन अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

 

Related News