अयोध्या राम मंदिर घोटाला: आरोपी के खातों से 15 लाख का ट्रांजैक्शन, महिला मित्र को दिए लाखों के गिफ्ट

अयोध्या राम मंदिर घोटाला: आरोपी के खातों से 15 लाख का ट्रांजैक्शन, महिला मित्र को दिए लाखों के गिफ्ट

अयोध्या के राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान से जुड़े कथित करोड़ों रुपये के घोटाले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। पुलिस और एसआईटी को अब मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला के बैंक खातों और लेनदेन से जुड़े नए दस्तावेज मिले हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पिछले कुछ समय के दौरान उसके खातों से ₹15 लाख से अधिक के संदिग्ध ट्रांजैक्शन हुए। अब यह पता लगाया जा रहा है कि अलग-अलग लोगों तक पहुंची यह रकम कहीं मंदिर के चढ़ावे से तो नहीं जुड़ी है।

महिला मित्र पर लुटाए पैसे

तफ्तीश के दौरान केवल बैंक लेनदेन ही नहीं बल्कि आरोपी की निजी गतिविधियां भी एजेंसियों के दायरे में आ गई हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पुलिस को जानकारी मिली है कि अविनाश शुक्ला ने अपनी एक महिला मित्र को लगभग दो लाख नकद और एक महंगा स्मार्टफोन दिया था। अब जांच टीम इस महिला से भी पूछताछ करने की तैयारी कर रही है ताकि पूरे मामले की कड़ियां जोड़ी जा सकें।

भाई के बयान से जांच को मिला नया आधार

केस में आरोपी के भाई अभिषेक का बयान भी अहम माना जा रहा है। उसने पुलिस को बताया कि ड्यूटी खत्म होने के बाद उसने अविनाश को एक योग सेंटर में नोटों से भरा बैग ले जाते देखा था। जब उसने इतनी बड़ी रकम के बारे में पूछा तो अविनाश ने कोई साफ जवाब नहीं दिया।

अभिषेक के अनुसार बाद में वहां मौजूद दूसरे आरोपी अनुकल्प मिश्रा ने कहा कि यह पैसा उन श्रद्धालुओं ने दिया है जिन्हें दर्शन कराने और दूसरी मदद की गई थी। साथ ही उसे इस विषय पर आगे कोई बात नहीं करने की चेतावनी भी दी गई।

जेल में होगी पांच आरोपियों से आमने-सामने पूछताछ

जांच को आगे बढ़ाने के लिए अदालत ने पुलिस को जेल में बंद पांच आरोपियों से पूछताछ की अनुमति दे दी है। रविवार से अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, राम शंकर यादव, करुणेश पांडे और मनीष यादव से जेल परिसर के भीतर आमने-सामने बैठाकर सवाल पूछे जाएंगे। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि इससे मामले के कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।

Latest Posts