वाराणसी: युवक की दर्दनाक तरीके से की गई हत्या, पुलिस छानबीन में जुटी

img

वाराणसी,11 जुलाई। रोहनिया थाना क्षेत्र के कचनार राजातालाब में शनिवार की देर रात दुकान के कटरे में 40 वर्षीय एक युवक का रक्तरंजित शव मिला। बदमाशों ने युवक का गला धारदार हथियार से रेत दिया था। रविवार को सूचना पाते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। छानबीन और पूछताछ के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। माना जा रहा है कि सम्पति विवाद में युवक की हत्या की गई। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

कचनार राजातालाब निवासी गोलाई उर्फ जय हिंद पटेल जमीन खरीद-फरोख्त का कार्य करते थे। कचनार राजातालाब में ही गोलाई ने पटेल कटरा बनवाया हुआ था। गोलाई ने दो शादी की थी। पहली शादी 10 वर्ष पूर्व हुई थी। पहली पत्नी से तीन बच्चे हैं। बाद में पहली पत्नी और बच्चों को छोड़ कर जय हिंद पटेल ने वर्ष 2016 में दूसरा विवाह कर लिया।

वहीँ कुछ समय के अन्तराल में पहली पत्नी की मौत हो गई। बाद के दिनों में जयहिन्द का दूसरे पत्नी से भी नही बनी। संपत्ति विवाद में दूसरी पत्नी से न्यायालय में मुकदमा भी चल रहा है। शनिवार की शाम गोलाई खाना खाने के बाद कटरे के बरामदे में ही सो गया। देर रात किसी समय वहां पहुंचे हमलावरों ने गोलाई का धारदार हथियार से गला रेत दिया और मौके से भाग निकले।

बता दें कि सुबह लोगों की निगाह गोलाई के रक्त रंजित शव पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी वहां जुट गये। सूचना पर रोहनिया पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उधर,गांव में चर्चा रही कि गोलाई के हत्या का कारण संपत्ति विवाद हो सकता है । नशेड़ी जय हिंद पटेल जमीन खरीद- फरोख्त को लेकर क्षेत्र में लोगों से अक्सर उलझता रहता था। वारदात की जानकारी पर मौके पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मार्तंड प्रकाश सिंह, सीओ सदर, फोरेंसिक टीम, क्राइम ब्रांच की टीम भी पहुंच गई।

Related News