एक साथ 10 बैलिस्टिक मिसाइलों से ईरान का हमला, आधी रात को ट्रंप का नेतन्याहू को फोन; जानें क्या योजना बनाई

एक साथ 10 बैलिस्टिक मिसाइलों से ईरान का हमला, आधी रात को ट्रंप का नेतन्याहू को फोन; जानें क्या योजना बनाई

ईरान पर हाल ही में हुए अमेरिकी सैन्य हमलों के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया है। इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को फोन पर बातचीत कर मौजूदा स्थिति की समीक्षा की।

इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार ट्रंप ने नेतन्याहू को खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य गतिविधियों की ताजा जानकारी दी। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय सुरक्षा और आपसी समन्वय पर भी चर्चा की।

इजरायल ने सुरक्षा चिंताओं का किया जिक्र

बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन और उनके समर्थकों की ओर से इजरायल को लेकर दिए गए बयानों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इजरायल की सुरक्षा के लिए सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा क्षेत्र बनाए रखना जरूरी है।

ईरान का दावा, अमेरिकी एयरबेस पर दागीं 10 मिसाइलें

उधर ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया कि उसने उत्तरी जॉर्डन में स्थित अमेरिकी अल-अजराक एयरबेस पर 10 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। संगठन ने इसे पश्चिम एशिया में अमेरिकी कमांड और कंट्रोल सेंटर बताते हुए कहा कि यह हमला हालिया अमेरिकी कार्रवाई के जवाब में किया गया।

ईरान के सरकारी प्रसारक आईआरआईबी के अनुसार आईआरजीसी ने इसे अमेरिका के खिलाफ अपनी सैन्य प्रतिक्रिया का दूसरा चरण बताया।

आगे भी हमले करने की दी चेतावनी

आईआरजीसी ने कहा कि यदि अमेरिका ने फिर से सैन्य कार्रवाई की तो क्षेत्र में मौजूद अन्य अमेरिकी ठिकानों को भी निशाना बनाया जा सकता है। संगठन का कहना है कि पहले भी चेतावनी दी गई थी कि हमलों का जवाब और अधिक ताकत से दिया जाएगा।

जॉर्डन में बजे एयर रेड सायरन

जॉर्डन सरकार ने पुष्टि की कि ईरान से दागी गई मिसाइलों के उसके हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने के बाद एयर रेड सायरन बजाए गए।

सरकारी प्रवक्ता मोहम्मद अल-मोमानी ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मिसाइलों को रोक लिया। उन्होंने कहा कि जॉर्डन की सेना पूरी तरह सतर्क है और देश की सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

कुवैत और बहरीन में भी हमले का दावा

आईआरजीसी ने यह भी दावा किया कि उसने अपनी जवाबी कार्रवाई के पहले चरण में कुवैत और बहरीन में स्थित चार अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।

ईरानी मीडिया के अनुसार कुवैत के आरिफजान और अली अल सलेम बेस के साथ बहरीन के जुफैर और शेख ईसा सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए गए। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

Latest Posts