लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आज योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वहीं बीजेपी सरकार के पहले कार्यकाल में कानून मंत्री रहे ब्रजेश पाठक को अब दूसरे कार्यकाल में उप मुख्यमंत्री बनाया जा रहा है। सूत्रों के हवाले से मिली खबर के मुताबिक ब्रजेश पाठक राज्य में दूसरे डिप्टी सीएम की कमान संभालेंगे।
बताया जा रहा है कि प्रदेश में योगी सरकार के पहले कार्यकाल में विधायी, न्याय एवं ग्रामीण अभियन्त्रण सेवा मंत्री रहे ब्रजेश पाठक को उप मुख्यमंत्री का जिम्मा सौंपा जायेगा। वहीं पूर्व सरकार में डिप्टी सीएम रहे दिनेश शर्मा को कैबिनेट में भी जगह नहीं दी जाएगी।
जानकारों का मानना है कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में ब्राह्मण समाज के लिए दमदार छवि खोज रही थी। ऐसे में पार्टी को ब्रजेश पाठक में यह छवि नजर आई जिसके बाद यह फैसला लिया गया। बसपा से बीजेपी में शामिल हुए ब्रजेश पाठक पार्टी में ब्राह्मण चेहरा बने हैं। इतना ही नहीं हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में भी कई अन्य प्रत्याशियों ने उन्हें अपने क्षेत्र में चुनाव प्रचार में भी बुलाया था।
बता दें कि 1989 में छात्र राजनीति से करियर की शुरुआत करने वाले ब्रजेश पाठक साल 1990 में लखनऊ विश्वविद्यालय के अध्यक्ष रह चुके हैं। गौरतलब है कि 10 मार्च को संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में ब्रजेश पाठक, राजधानी लखनऊ की कैंट विधानसभा सीट से विधायक चुने गए हैं। उत्तर प्रदेश में इतिहास रचते हुए बीजेपी पूरे 35 सालों बाद फिर से सत्ता दोबारा से आयी है।
बीजेपी के दूसरे कार्यकाल का शपथ ग्रहण समारोह आज राजधानी स्थित अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम में हो रहा है। ब्रजेश पाठक के अलावा, केशव प्रसाद मौर्य राज्य के डिप्टी सीएम बनेंगे। विधानसभा चुनाव में कौशांबी स्थित सिराथू से हार का सामना करने वाले केशव प्रसाद मौर्य, बीजेपी का ओबीसी चेहरा हैं। केशव प्रसाद मौर्य बीजेपी के पहले कार्यकाल की सरकार में भी डिप्टी सीएम थे।