img

Punjab News: अमेरिका अवैध रूप से आये भारतीयों को दो और उड़ानों के जरिए भारत भेज रहा है। इनमें से एक विमान आज रात करीब 10.15 बजे अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरेगा, जबकि दूसरा विमान 16 फरवरी को यहां उतरेगा। ये जानकारी खुद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दी।

हालांकि, अमृतसर हवाई अड्डे के अधिकारियों या किसी भी केंद्रीय सरकारी एजेंसी की ओर से इसकी कोई पुष्टि नहीं की गई है। पिछली उड़ान के संबंध में भी विभिन्न जानकारियां सामने आई थीं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आज विमान से 119 लोगों को लाया जाएगा। इनमें पंजाब के 67 और हरियाणा के 33 लोग शामिल हैं। जबकि दूसरे विमान से 157 भारतीयों को लाया जाएगा।

इससे पहले 5 फरवरी को 104 भारतीयों को अमेरिकी वायुसेना के विमान ग्लोबमास्टर से अमृतसर लाया गया था। इन लोगों को हाथों में हथकड़ी और पैरों में बेड़ियाँ डालकर लाया गया था। इस बार भारतीयों को किस तरह से निर्वासित किया जाएगा और क्या उन्हें हथकड़ी और बेड़ियों में वापस भेजा जाएगा, इस बारे में अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

अमृतसर पहुंचे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य में अवैध प्रवासियों को लाने वाले विमानों को उतारना गलत है। यह पंजाब को बदनाम करने की साजिश है। जो लोग अवैध रूप से अमेरिका आये थे उन्हें निर्वासित किया जा रहा है। पहले जिन लोगों को निर्वासित किया गया था उनमें विभिन्न राज्यों के लोग शामिल थे। तो फिर अमृतसर में विमान क्यों उतारे जा रहे हैं?