
बेंगलुरु: एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 6 विकेट से हराया। इस हार के साथ RCB ने IPL इतिहास में एक ही वेन्यू पर सबसे ज्यादा मैच हारने का अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। टीम के गेंदबाजों और बल्लेबाजों दोनों ने खराब प्रदर्शन किया, जिससे घरेलू दर्शकों के सामने टीम को हार झेलनी पड़ी।
RCB ने बेंगलुरु में गंवाए 45 मुकाबले
RCB की यह बेंगलुरु में 45वीं हार रही, जिससे वह इस सूची में सबसे ऊपर पहुंच गई है। दिल्ली कैपिटल्स ने दिल्ली में 44 मैच गंवाए हैं और कोलकाता नाइट राइडर्स ने कोलकाता में 38 मुकाबले हारे हैं।
IPL में एक वेन्यू पर सबसे ज्यादा मैच हारने वाली टीमें:
टीम | मैच हारे | वेन्यू |
---|---|---|
RCB | 45 | बेंगलुरु |
दिल्ली कैपिटल्स | 44 | दिल्ली |
KKR | 38 | कोलकाता |
मुंबई इंडियंस | 34 | मुंबई |
केएल राहुल की दमदार पारी
लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत खराब रही, लेकिन चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए केएल राहुल ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 53 गेंदों पर 93 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 6 छक्के शामिल थे। उनके साथ ट्रिस्टन स्टब्स ने 38 रनों की अहम पारी खेली। इन दोनों के प्रदर्शन की बदौलत दिल्ली ने मैच अपने नाम किया।
RCB के गेंदबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन
RCB की ओर से केवल भुवनेश्वर कुमार ही असरदार रहे, जिन्होंने चार ओवर में 26 रन देकर दो विकेट लिए। बाकी गेंदबाज खास प्रदर्शन नहीं कर सके। यश दयाल ने 45 और जोश हेजलवुड ने 40 रन खर्च किए।
RCB की बल्लेबाजी भी रही फीकी
पहले बल्लेबाजी करते हुए RCB की शुरुआत भी खास नहीं रही। फिल साल्ट और टिम डेविड ने 37-37 रन बनाए, जबकि रजत पाटीदार ने 25 रन जोड़े। बाकी बल्लेबाज फ्लॉप रहे, और पूरी टीम सिर्फ 163 रन तक ही पहुंच पाई, जो मुकाबला जीतने के लिए काफी नहीं था।