img

बलिया। लोकसभा चुनाव में जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी सलेमपुर सीट पर मिली हार के बाद आपसी विवाद सतह पर आने लगा है। यहां हुई हार का ठीकरा भाजपा प्रत्याशी रविंदर कुशवाहा ने अपनी ही पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय यादव और यूपी सरकार में देवरिया से राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम पर फोड़ा है।

सलेमपुर लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी रविंदर कुशवाहा हैट्रिक लगाने से चूक गए। वे सपा के रामाशंकर राजभर से महज साढ़े तीन हजार मतों के अंतर से चुनाव हार गए। मामूली मतों से चुनाव हारने के बाद से ही अंदरखाने उठापटक चल रही थी, जो अब जाकर सामने आने लगी है।

भाजपा के प्रदेश संगठन की जांच टीम के 18 जून को बलिया पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने बताया जा रहा है कि टीम हार की वजह की जांच करेगी। इससे पहले भाजपा प्रत्याशी ने अपनी हार का जिम्मेदार भाजपा जिलाध्यक्ष को ठहरा दिया। उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष संजय यादव और मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम को खुलेआम निशाने पर लेते हुए पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बलिया जिलाध्यक्ष ने भीतरघात किया है। जिलाध्यक्ष को उन्होंने सपा का एजेंट करार दिया।

उन्होंने कहा कि उसे तत्काल पद से हटा देना चाहिए। भाजपा प्रत्याशियों को हराने के पीछे योगी और मोदी को कमजोर करने की साजिश है। सलेमपुर लोकसभा सीट दो बार से लगातार बीजेपी से सांसद रहे रविन्द्र कुशवाहा ने अपनी हार का राज खोलते हुए कहा कि जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी के एजेंट के रूप में विशेष वर्ग के लिए काम कर रहा है।

उन्होंने सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर पर भी बयान देते हुए कहा कि घोसी में एक लाख 70 हजार वोट से हारना यह दर्शाता है कि उनकी पकड़ राजभर वोटरों पर कम हुई है। पूर्व सांसद ने कहा कि प्रदेश संगठन की टीम बलिया आ रही है, वह पूरी बात उनसे बताएंगे।
 

--Advertisement--