_259672759.png)
Up Kiran, Digital Desk: बांका जनपद के रजौन थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। ओड़हरा गांव की एक विवाहित महिला प्रेम विवाह में हुए धोखे से इतनी व्यथित हुई कि उसने मंगलवार दोपहर अपने ही हाथ की नस काट ली। खून से लथपथ हालत में वह सीधे थाने पहुँच गई और वहां अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। डॉक्टरों का कहना है कि अधिक खून बहने की वजह से स्थिति गंभीर थी, हालांकि अब महिला खतरे से बाहर है।
सोशल मीडिया से शुरू हुआ रिश्ता, शादी तक पहुँची कहानी
मूल रूप से बाराहाट थाना क्षेत्र की रहने वाली 25 वर्षीय महिला की पहली शादी ललमटिया के निवासी जमपुरी राम से हुई थी। इस विवाह से उसके दो बच्चे भी हैं। इसी बीच उसकी मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए रजौन के ओड़हरा गांव के रहने वाले सुभाष राय से हुई। लंबे समय तक दोनों के बीच बातचीत चलती रही और लगभग एक साल तक चले प्रेम-प्रसंग के बाद दोनों ने परिवार और समाज की परवाह न करते हुए शादी कर ली।
शादी के बाद टूटा साथ, महिला बोली- या तो सुभाष संग जीवन या फिर मौत
महिला का आरोप है कि शादी के कुछ ही समय बाद सुभाष ने उसे घर से बाहर निकाल दिया और साथ रखने से पूरी तरह इनकार कर दिया। पीड़िता का साफ कहना है कि वह हर हाल में सुभाष के साथ रहना चाहती है, नहीं तो अपनी जान दे देगी। इसी निराशा के चलते उसने नस काटकर आत्महत्या की कोशिश की और थाने पहुँचकर पुलिस से मदद मांगी।
रजौन थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि महिला की लिखित शिकायत दर्ज की गई है। पूरे मामले की जांच चल रही है और आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना में किसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।
रोहतास में दूसरी वारदात: प्रेम-प्रसंग में महिला की हत्या
इसी दिन रोहतास जिले से भी प्रेम-प्रसंग से जुड़ी एक सनसनीखेज खबर सामने आई। यहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। मृतका की मां का आरोप है कि आरोपी, जो दो बच्चों का पिता है, शादी का झांसा देकर उनकी बेटी को करीब दो महीने पहले भगा ले गया था। तबसे वह उसे अपनी बहन के घर नासरीगंज थाना क्षेत्र के खीरीयावं गांव में रखे हुए था। अब महिला की हत्या कर शव को फेंक दिया गया। इस मामले में पीड़िता की मां ने नामजद शिकायत दर्ज कराई है।
--Advertisement--