img

Up kiran,Digital Desk : टाइप 2 डायबिटीज और हाई ब्लड शुगर आज के दौर की सबसे बड़ी लाइफस्टाइल समस्याओं में से एक हैं। खराब मेटाबॉलिज्म और बढ़ता तनाव (Stress) इस समस्या को और गंभीर बना देते हैं। अक्सर लोग जानते हैं कि क्या हेल्दी है, लेकिन उसे रोज की डाइट का हिस्सा बनाना मुश्किल लगता है। मशहूर न्यूट्रिशनिस्ट शिल्पा अरोड़ा ने ऐसे 5 स्मार्ट तरीके साझा किए हैं, जिनसे आप स्वाद से समझौता किए बिना अपनी शुगर को कंट्रोल कर सकते हैं।

1. दालचीनी: चाय के साथ करें शुरुआत

दालचीनी केवल एक मसाला नहीं, बल्कि मेटाबॉलिज्म बूस्टर भी है।

स्मार्ट तरीका: अपनी नियमित दूध वाली चाय के बजाय दिन में एक बार दालचीनी की चाय पिएं। यह न केवल ब्लड शुगर को स्थिर रखती है, बल्कि तनाव बढ़ाने वाले 'कोर्टिसोल' हार्मोन को भी बैलेंस करती है, जिससे मन शांत रहता है।

2. कसूरी मेथी: सब्जी का स्वाद और इंसुलिन में सुधार

मेथी के दाने इंसुलिन सेंसिटिविटी को बेहतर बनाने के लिए जाने जाते हैं। लेकिन रोज मेथी के दाने या उसकी सब्जी खाना हर किसी को पसंद नहीं आता।

स्मार्ट तरीका: अपनी रोज की ग्रेवी वाली या सूखी सब्जियों में ऊपर से कसूरी मेथी छिड़कें। यह खाने का जायका भी बढ़ाएगी और चुपचाप आपकी डाइट में शुगर कंट्रोल करने वाले तत्व शामिल कर देगी।

3. करेला: जूस नहीं, स्टफ्ड डिश ट्राई करें

करेले का कड़वा जूस पीना हर किसी के बस की बात नहीं है।

स्मार्ट तरीका: हफ्ते में 2-3 बार स्टफ्ड करेला (भरवां करेला) बनाएं। ध्यान रहे कि इन्हें बहुत ज्यादा तेल में डीप फ्राई करने के बजाय, मसालों के साथ भरकर धीमी आंच पर ढककर पकाएं। अंत में हल्का सा तेल डालकर कुरकुरा करें। यह हेल्दी और टेस्टी दोनों होगा।

4. सहजन (Drumstick): दाल में छुपाएं गुण

सहजन या ड्रमस्टिक कैल्शियम का भंडार है और ब्लड शुगर के लिए रामबाण है।

स्मार्ट तरीका: जब भी घर में दाल या सांभर बने, उसमें सहजन की फलियां डाल दें। यह दाल के स्वाद को सोख लेती हैं और खाने में आसान हो जाती हैं। इससे शरीर में कैल्शियम की कमी भी पूरी होगी।

5. स्ट्रेस मैनेजमेंट: 5 मिनट का प्राणायाम

ब्लड शुगर बढ़ने का एक बड़ा कारण मानसिक तनाव भी है। जब शरीर में स्ट्रेस हार्मोन (कोर्टिसोल) बढ़ता है, तो शुगर लेवल भी शूट करता है।

स्मार्ट तरीका: जिम या भारी वर्कआउट का समय नहीं है, तो भी दिन में केवल 5 मिनट प्राणायाम के लिए निकालें। यह आपके दिमाग को रिलैक्स करेगा और शरीर के आंतरिक सिस्टम को बैलेंस रखेगा।