img

Up Kiran, Digital Desk: प्रयागराज में कलक्ट्रेट और कचहरी के आसपास सड़क किनारे अवैध रूप से बनाए गए अधिवक्ताओं के 151 चैंबरों को प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बुधवार सुबह ध्वस्त कर दिया। तड़के चार बजे से शुरू हुए इस अभियान में जेसीबी की मदद से चैंबरों को गिरा दिया गया। इसके साथ ही इलाके में बनी आधा दर्जन गुमटियां भी तोड़ दी गईं।

नोटिस के बावजूद हटाए नहीं गए चैंबर
नगर निगम ने इन अवैध चैंबरों को हटाने के लिए पिछले बुधवार को नोटिस जारी किया था। नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई थी कि चैंबर न हटाए जाने पर कानूनी कार्रवाई के तहत इन्हें तोड़ा जाएगा। इसके बावजूद जब कोई पहल नहीं हुई, तो बुधवार सुबह कार्रवाई की गई। नगर निगम ने इस कार्रवाई को अपनी जिम्मेदारी बताया और कहा कि इन चैंबरों को हटाना सार्वजनिक सुविधा और यातायात के लिहाज से जरूरी था।

पिछले सप्ताह भी चला था अभियान
बता दें कि इसी तरह का अभियान पिछले सोमवार को भी चलाया गया था। प्रशासन और नगर निगम ने मिलकर इलाहाबाद हाईकोर्ट के सामने फ्लाईओवर के नीचे से अवैध कब्जा हटाया था। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी, ताकि सार्वजनिक जगहों को अतिक्रमण से मुक्त रखा जा सके।

--Advertisement--