Up kiran,Digital Desk : लोकसभा में महिला आरक्षण संशोधन बिल (131वां संविधान संशोधन) पर चर्चा के दौरान आज एक ऐसा पल आया जब पूरा सदन ठहाकों से गूंज उठा। विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपनी बात की शुरुआत एक बेहद मजाकिया और हल्के-फुल्के अंदाज में की, जिससे सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों के चेहरों पर मुस्कान आ गई। हालांकि, इस हंसी-मजाक के बाद राहुल ने सरकार पर तीखे राजनीतिक प्रहार भी किए।
जब स्पीकर ने पूछा- 'हाथ में क्या हुआ?'
जैसे ही राहुल गांधी अपनी स्पीच देने के लिए खड़े हुए, उनके हाथ में बैंडेज देखकर स्पीकर ओम बिरला ने टोकते हुए पूछा, "हाथ में क्या हुआ?" राहुल ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, "चोट लगी है।" इसके बाद उन्होंने महिला आरक्षण बिल पर बोलने का मौका देने के लिए धन्यवाद दिया और महिलाओं की शक्ति पर अपनी बात रखनी शुरू की।
"पीएम और मेरी तो पत्नी ही नहीं..." और गूंज उठा सदन
राहुल गांधी ने कहा कि आज देश के विकास में महिलाएं 'सेंट्रल फोर्स' बन चुकी हैं। उन्होंने हमारे जीवन में मां, बहन और पत्नी के महत्व का जिक्र किया। इसी दौरान उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, "माता, बहन और पत्नी के रूप में महिलाओं ने हमारे जीवन को प्रभावित किया है। हालांकि, पीएम और मेरी तो पत्नी ही नहीं हैं।"
इतना कहना था कि सदन में सदस्य अपनी हंसी नहीं रोक पाए। राहुल ने आगे मुस्कुराते हुए कहा, "इस मामले में मुझे वह (पत्नी वाला) अनुभव प्राप्त नहीं है, लेकिन अन्य रूपों ने मुझे बहुत प्रभावित किया है।" उन्होंने अपनी बहन प्रियंका गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि कल उनकी स्पीच ने अमित शाह जी के चेहरे पर भी मुस्कान ला दी थी।
दादी इंदिरा गांधी से मिला 'सत्य और अहिंसा' का पाठ
राहुल गांधी ने सदन में अपनी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को याद किया। उन्होंने कहा, "मेरी दादी ने मुझे डर से लड़ना और सत्य व अहिंसा के रास्ते पर चलना सिखाया।" उन्होंने बचपन की एक कहानी साझा करते हुए सरकार पर निशाना साधा कि जो समस्याओं से डरते हैं, वे कभी समाधान नहीं ढूंढ पाते। राहुल के अनुसार, यह सरकार अंधेरे (समस्याओं) का सामना करने से डर रही है।
"महिला आरक्षण नहीं, चुनावी नक्शा बदलने की साजिश"
सदन का माहौल हल्का करने के बाद राहुल गांधी ने बिल की खामियों पर सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने निम्नलिखित आरोप लगाए:
सशक्तीकरण का अभाव: राहुल ने कहा कि इस विधेयक का महिला सशक्तीकरण से कोई लेना-देना नहीं है।
OBC विरोधी चेहरा: उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ओबीसी वर्ग को उनके अधिकार देने से बच रही है। यह बिल SC-ST-OBC के अधिकारों को छीनने की कोशिश है।
चुनावी नक्शा: राहुल गांधी ने दावा किया कि महिला आरक्षण के पीछे छिपकर सरकार देश का चुनावी मानचित्र बदलने का प्रयास कर रही है।
अंत में राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि विपक्ष सरकार के इस प्रयास के खिलाफ मजबूती से खड़ा है और वह इस विधेयक को गिराने की दिशा में काम करेगा।




