
Terrorist Attack: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में लाहौर जा रही एक बस में अज्ञात बंदूकधारियों ने सात यात्रियों की हत्या कर दी। ये हमला दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान के बरखान जिले में हुआ। हमलावरों ने सबसे पहले बस को रोका और बस में सवार सभी यात्रियों के पहचान पत्र चेक किए। उन्होंने बस में सवार सात लोगों पर गोलियां चला दीं।
अफगानिस्तान और ईरान की सीमा से लगा ये प्रांत अलगाववादी विद्रोहियों के खिलाफ पाकिस्तान के दशकों पुराने युद्ध का प्रमुख युद्धक्षेत्र है।
लगभग 40 हथियारबंद लोगों के एक समूह ने कई बसों और वाहनों को रोका, पहचान पत्रों की जांच की और फिर सात यात्रियों को बस से बाहर खींचकर गोली मार दी।
हमले में मारे गए सभी सात लोग पंजाब प्रांत के हैं। क्षेत्र के सहायक आयुक्त खादिम हुसैन ने बताया कि यह हमला दक्षिणी पंजाब के बरखाने को डेरा गाजी खान शहर से जोड़ने वाले राजमार्ग पर हुआ। किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है तथा हत्या के पीछे का मकसद अभी भी स्पष्ट नहीं है।
अफसरों ने बताया कि इलाके की घेराबंदी कर दी गई है मगर हमलावर नौ दो ग्यारह हो गए। ये घटना शुक्रवार को कोयला खनिकों को ले जा रहे एक वाहन को निशाना बनाकर किए गए बम हमले के कई दिनों बाद हुई है जिसमें कम से कम 11 लोग मारे गए थे और छह घायल हो गए थे।
बीते साल अगस्त में अलगाववादी आतंकियों ने पाकिस्तान में कई हमले किए, जिनमें 12 लोग मारे गए। इन हमलों में पुलिस स्टेशन, बुनियादी ढांचे और नागरिकों को निशाना बनाया गया।