Up kiran,Digital Desk : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के आगाज से ठीक पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खेमे से एक ऐसी खबर आई है जिसने करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों का दिल तोड़ दिया है। टीम के मार्गदर्शक और पूर्व कप्तान एमएस धोनी चोट के कारण आईपीएल के शुरुआती मैचों से बाहर हो गए हैं। चेन्नई सुपर किंग्स ने शनिवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर इस खबर की पुष्टि की है। धोनी की अनुपस्थिति न केवल सीएसके के लिए एक बड़ा तकनीकी झटका है, बल्कि उन फैंस के लिए भी निराशाजनक है जो 'थाला' को उनके संभवतः आखिरी सीजन में एक्शन में देखने का इंतजार कर रहे थे।
पिंडली की चोट बनी बाधा: कम से कम 2 हफ्ते रहेंगे बाहर
सीएसके द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, 440 वर्षीय एमएस धोनी हैमस्ट्रिंग और पिंडली की चोट (Calf Injury) से जूझ रहे हैं। बयान में कहा गया, "एमएस धोनी फिलहाल रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं। चोट की गंभीरता को देखते हुए, उनके आईपीएल 2026 के पहले दो हफ्तों तक मैदान से बाहर रहने की संभावना है।" विशेषज्ञों का मानना है कि इस उम्र में रिकवरी में समय लग सकता है, इसलिए फ्रेंचाइजी उनके साथ कोई जोखिम नहीं उठाना चाहती।
धोनी कौन-कौन से मैच करेंगे मिस? वापसी पर सस्पेंस
धोनी की अनुपस्थिति का मतलब है कि वे शुरुआती 14 दिनों में होने वाले कम से कम 4 महत्वपूर्ण मुकाबले नहीं खेल पाएंगे।
30 मार्च: बनाम राजस्थान रॉयल्स (RR)
03 अप्रैल: बनाम पंजाब किंग्स (PBKS)
05 अप्रैल: बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)
11 अप्रैल: बनाम दिल्ली कैपिटल्स (DC)
माना जा रहा है कि यदि रिकवरी उम्मीद के मुताबिक रही, तो धोनी 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच से वापसी कर सकते हैं।
संजू सैमसन संभालेंगे विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी!
धोनी की गैरमौजूदगी में अब सबकी निगाहें टीम के संतुलन पर टिकी हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस सीजन में संजू सैमसन विकेटकीपिंग की कमान संभालते नजर आ सकते हैं। गौरतलब है कि आईपीएल 2025 चेन्नई के लिए किसी बुरे सपने जैसा रहा था, जहाँ टीम अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर रही थी। ऐसे में धोनी का बाहर होना टीम की वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर सकता है।
क्या यह धोनी का आखिरी सफर है?
2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके धोनी ने अपनी कप्तानी में चेन्नई को 5 बार चैंपियन बनाया है। पिछले कुछ वर्षों से वे घुटने की समस्या के बावजूद टीम के लिए खेलते रहे, लेकिन इस बार पिंडली की चोट ने उन्हें ब्रेक लेने पर मजबूर कर दिया है। क्रिकेट गलियारों में चर्चा तेज है कि 2026 धोनी का बतौर खिलाड़ी आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है, ऐसे में फैंस दुआ कर रहे हैं कि वे जल्द फिट होकर मैदान पर 'हेलीकॉप्टर शॉट' लगाते दिखें।




