img

Up Kiran, Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक ऐसा मामला हुआ है कि हर कोई हैरान है। परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के इकला रसूलपुर गांव में प्रेमी को ग्रामीणों ने रात में पकड़ लिया और फिर कुछ ही घंटों में उसकी शादी प्रेमिका से करवा दी। जी हां, रात गए पंचायत बैठी और सुबह तक दुल्हन विदा हो गई।

दरअसल मवाना इलाके का रहने वाला अल फहद अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने गांव आया था। लड़की के मम्मी-पापा मेरठ में आंख का इलाज कराने गए थे। मौका देखकर लड़की ने फोन किया और अल फहद दो दोस्तों को लेकर रात के अंधेरे में घर में घुस गया। लेकिन किस्मत साथ नहीं दी। पड़ोसियों को कुछ शक हुआ। उन्होंने जाकर देखा तो प्रेमी अंदर मौजूद था। दोस्त तो मौके से फुर्र हो गए मगर अल फहद पकड़ा गया।

पड़ोसियों ने तुरंत लड़की वालों को फोन कर दिया। वे इलाज छोड़कर फौरन गांव लौट आए। फिर लड़के के घर वालों को भी बुलाया गया। गांव में हड़कंप मच गया। लोग इकट्ठा होने लगे। रात में ही पंचायत बैठ गई।

लड़की वालों का साफ कहना था कि अब इज्जत का सवाल है। या तो अभी शादी करो या पुलिस के हवाले। लड़के वालों ने कुछ दिन का वक्त मांगा लेकिन लड़की पक्ष तैयार नहीं हुआ। आखिरकार सबने मिलकर फैसला किया कि निकाह अभी हो जाएगा।

काजी को फोन किया गया। लड़की को फटाफट तैयार किया गया। मेहंदी भी नहीं लगी थी फिर भी सारी रस्में पूरी की गईं। रात ढाई बजे के करीब निकाह हो गया। उसके बाद दुल्हन को दूल्हे के साथ विदा कर दिया गया।

अब इस शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पंचायत की पूरी बहस और निकाह की रस्में साफ दिख रही हैं। लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कोई इसे सही बता रहा है तो कोई गलत। लेकिन इलाके में ये घटना जी भर के चर्चा में है।