
Cricketer Lifestyle: टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी जहीर खान ने अपनी पत्नी सागरिका घाटगे और बहनोई शिवजीत घाटगे के साथ मुंबई में 2,600 वर्ग फुट का एक लग्जरी अपार्टमेंट खरीदा है। मायानगरी मुंबई के लोअर परेल स्थित आलीशान घर की कीमत करीब 11 करोड़ रुपये है। रियल एस्टेट कंसल्टेंट स्क्वायर यार्ड्स ने इस बारे में जानकारी दी है और घर का पंजीकरण फरवरी 2025 में किया गया है।
जानकारी के अनुसार, ये संपत्ति इंडिया बुल्स स्काई में स्थित है, जिसे इक्विनॉक्स इंडिया डेवलपमेंट लिमिटेड ने बनाया है। इस घर का कारपेट एरिया 2158 वर्ग फीट और बिल्डअप एरिया 2590 वर्ग फीट है। इसके अलावा, घर में तीन वाहनों के लिए पार्किंग की जगह भी उपलब्ध कराई गई है।
इस संपत्ति की खरीद के लिए जहीर खान दंपत्ति को 66 लाख रुपए स्टांप ड्यूटी और 30,000 रुपए पंजीकरण शुल्क देना पड़ा। रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण (रेरा) के अनुसार, इंडिया बुल्स स्काई 3 एकड़ में फैला हुआ है और यह एक रेडी-टू-मूव-इन आवासीय परिसर है। लोअर परेल दक्षिण मुंबई का एक हिस्सा है, जो शहर के मध्य में स्थित है। लोअर परेल और मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज हवाई अड्डे के बीच की दूरी 18 किमी है। लोअर परेल एक उच्चस्तरीय क्षेत्र माना जाता है, जहां आवासीय और वाणिज्यिक इमारतें हैं। वहां कई कॉर्पोरेट कंपनियों के कार्यालय भी हैं।
बता दें कि लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल 2025 से पहले जहीर खान को अपना मेंटर बनाया है। जहीर खान इससे पहले 2022 में गौतम गंभीर की टीम के मेंटर थे। जहीर खान ने भारत के लिए 92 टेस्ट, 200 वनडे और 17 टी20 मैच खेले हैं। जहीर ने 2017 में बॉलीवुड अभिनेत्री सागरिका घाटगे से शादी की थी। सागरिका ने चक दे इंडिया जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में काम किया है।