
Daggubati Purandeswari: बीजेपी मार्च के मध्य तक अपने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐलान करने वाली है। ये फैसला पार्टी के संगठनात्मक इलेक्शनों के बाद लिया जाएगा। फिलहाल पार्टी 13 से अधिक राज्यों में संगठनात्मक चुनावों में व्यस्त है। लेकिन इस बार की सबसे बड़ी चर्चा ये है कि भाजपा के इतिहास में पहली बार किसी महिला को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जा सकता है।
सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी इस बार दक्षिण भारत से किसी नेता को ये जिम्मेदारी सौंप सकती है। यदि पार्टी किसी महिला को अध्यक्ष पद पर नियुक्त करती है, तो तमिलनाडु की वनथी श्रीनिवासन और आंध्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दग्गुबाती पुरंदेश्वरी सबसे मजबूत दावेदार मानी जा रही हैं।
कौन हैं दग्गुबाती पुरंदेश्वरी?
66 वर्षीय दग्गुबाती पुरंदेश्वरी का भाजपा में कद निरंतर बढ़ा है। उन्होंने 2014 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी जॉइन की थी और पार्टी में संगठनात्मक स्तर पर कई अहम जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं। वर्तमान में वह आंध्र प्रदेश में भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष हैं और एक प्रभावशाली वक्ता मानी जाती हैं।
उनकी भाषण शैली और नेतृत्व क्षमता के चलते कई लोग उन्हें 'दक्षिण की सुषमा स्वराज' भी कहते हैं। वो पांच भाषाओं में दक्ष हैं और भाजपा के समर्थकों के बीच उनकी लोकप्रियता निरंतर बढ़ रही है।
तो वहीं दूसरी तरफ तमिलनाडु की वनथी श्रीनिवासन भी भगवा पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की पसंद हो सकती हैं। वो भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और कोयंबटूर से विधायक हैं।
--Advertisement--